home page

मेटा ने नेपाल में डेटा सेंटर बनाने के लिए 500 करोड़ रुपये के निवेश के लिए समझौता किया

 | 
मेटा ने नेपाल में डेटा सेंटर बनाने के लिए 500 करोड़ रुपये के निवेश के लिए समझौता किया


काठमांडू, 06 मई (हि.स.)। विश्वप्रसिद्ध सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'मेटा' इन्क ने नेपाल में डेटा सेंटर में निवेश करने का निर्णय लिया है। नेपाल की इंटरनेट सेवा प्रदाता कंपनी वर्ल्डलिंक कम्युनिकेशन्स के साथ साझेदारी में मेटा नेपाल में लगभग 500 करोड़ रुपये का निवेश करेगी।

अमेरिकी बहुराष्ट्रीय कंपनी मेटा प्लेटफॉर्म्स इंक फेसबुक, इंस्टाग्राम, मेसेन्जर, व्हाट्सएप, थ्रेड्स और मानुस जैसे प्लेटफॉर्म्स की मातृ कंपनी है। नेपाल में फेसबुक उपयोगकर्ताओं की संख्या काफी अधिक है।

विश्व अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली ‘टॉप-6 बिग टेक’ कंपनियों में मेटा भी शामिल है। वर्ल्डलिंक का काठमांडू के मातातीर्थ में पहले से ही अपना डेटा सेंटर संचालित है, और उसी आधारभूत संरचना का उपयोग और विस्तार करते हुए मेटा नेपाल में प्रवेश कर रही है।

मेटा और वर्ल्डलिंक के बीच ‘नॉन-डिस्क्लोज़र एग्रीमेंट’ (एनडीए) हुआ है, जो गोपनीयता समझौता होता है। इसके तहत दोनों पक्ष एक-दूसरे से प्राप्त संवेदनशील जानकारी को सार्वजनिक नहीं करते।

अब दोनों कंपनियों ने एक कदम आगे बढ़ते हुए निवेश साझेदारी से संबंधित समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। हालांकि, दोनों कंपनियां आगामी जुलाई महीने में ही निवेश से जुड़ी विस्तृत जानकारी सार्वजनिक करेंगी।

टियर-थ्री डेटा सेंटर

वर्ल्डलिंक के तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि हालिया समझौते के अनुसार मेटा नेपाल में टियर-थ्री स्तर का डेटा सेंटर स्थापित करेगी। टियर-थ्री डेटा सेंटर वह होता है, जिसमें सिस्टम बंद किए बिना ही रखरखाव किया जा सकता है और यह उच्च स्तर की विश्वसनीयता प्रदान करता है। बयान में यह भी कहा गया है कि यह आधुनिक डिजिटल सेवाओं और एआई कंपनियों के लिए अत्यंत आवश्यक आधारभूत संरचना है।

कंपनी के कार्यकारी निदेशक मनोज अग्रवाल ने कहा कि ऐसे डेटा सेंटर बैंकिंग सेवाओं, फिनटेक कंपनियों, स्वास्थ्य सेवाओं के डिजिटल रिकॉर्ड, 24 घंटे संचालित होने वाली मरीज डेटा प्रणाली, क्लाउड और होस्टिंग सेवाओं के लिए जरूरी होते हैं। इसके अलावा ई-कॉमर्स और अधिक ट्रैफिक वाली ऑनलाइन कंपनियां भी इसी स्तर के डेटा सेंटर का उपयोग करती हैं।

वर्ल्डलिंक कम्युनिकेशन के सीएमडी दिलीप अग्रवाल ने बताया कि नेपाल में डेटा सेंटर संचालन के लिए मेटा लगभग 500 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। इस परियोजना में स्थानीय साझेदार के रूप में वर्ल्डलिंक कम्युनिकेशन्स की भूमिका रहेगी।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास