home page

भूमध्य सागर में रूसी ‘शैडो फ्लीट’ के टैंकर पर फ्रांसीसी नौसेना की कार्रवाई, जेलेंस्की ने की सराहना

 | 

पेरिस, 22 जनवरी (हि.स.)। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने बताया है कि फ्रांसीसी नौसेना ने भूमध्य सागर में एक ऐसे तेल टैंकर को रोका है, जिस पर रूस के तथाकथित “शैडो फ्लीट” का हिस्सा होने का संदेह है। यह कार्रवाई ऐसे समय सामने आई है, जब यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की यूरोप पर रूसी तेल टैंकरों के खिलाफ सख्त कदम न उठाने का आरोप लगा रहे थे।

राष्ट्रपति मैक्रों ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए कहा कि संबंधित टैंकर अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों के दायरे में था और उसपर झंडा बदलकर (फॉल्स फ्लैग) संचालन करने का शक है। उनके अनुसार, यह अभियान भूमध्य सागर के खुले समुद्र में किया गया और इसमें फ्रांस के कई सहयोगी देशों का समर्थन भी शामिल रहा।

राष्ट्रपति मैक्रों ने स्पष्ट किया कि पूरी कार्रवाई संयुक्त राष्ट्र समुद्री कानून संधि (यूएनसीएलओएस) के तहत नियमों का पालन करते हुए की गई। इस मामले में अब न्यायिक जांच शुरू कर दी गई है और जहाज को दूसरे मार्ग पर मोड़ दिया गया है।

फ्रांसीसी मीडिया एजेंसी के हवाले से स्थानीय समुद्री अधिकारियों ने बताया कि जिस तेल टैंकर को रोका गया, उसका नाम “ग्रिंच” है और उसे स्पेन तथा मोरक्को के बीच के समुद्री क्षेत्र में पकड़ा गया। यह कदम रूस पर दबाव बढ़ाने की दिशा में यूरोपीय प्रयासों का अहम संकेत माना जा रहा है।

इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने फ्रांस की सराहना की। उन्होंने कहा कि रूसी तेल से होने वाली आय को युद्ध में इस्तेमाल होने से रोकने के लिए इसी तरह के ठोस कदमों की जरूरत है। जेलेंस्की ने यह भी मांग की कि ऐसे टैंकरों के खिलाफ सख्त प्रतिबंध लगाए जाएं और उनकी गतिविधियों पर निर्णायक कार्रवाई हो, ताकि रूस की युद्ध क्षमता को कमजोर किया जा सके।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय