लातविया में राजनीतिक संकट गहराया, राष्ट्रपति ने विपक्षी सांसद को प्रधानमंत्री पद के लिए किया नामित
टालिन, 16 मई (हि.स.)। लातविया में राजनीतिक घटनाक्रम के बीच राष्ट्रपति एडगर्स रिंकेविक्स ने विपक्षी सांसद एंड्रिस कुलबर्ग्स को देश का अगला प्रधानमंत्री बनने के लिए प्रस्तावित किया। यह कदम प्रधानमंत्री एविका सिलिना के इस्तीफे के बाद उठाया गया है, जिससे सरकार का गठबंधन ढह गया।
एविका सिलिना ने गुरुवार को अपने पद से इस्तीफा देने की घोषणा की थी। उनका इस्तीफा ऐसे समय आया है जब देश में अक्टूबर में चुनाव होने वाले हैं। गठबंधन टूटने के बाद उनकी सरकार संसद में बहुमत खो चुकी थी और अविश्वास प्रस्ताव का सामना करने की स्थिति बन गई थी।
राष्ट्रपति एडगर्स रिंकेविक्स ने कहा कि हालिया राजनीतिक घटनाक्रम को देखते हुए नई सरकार का नेतृत्व विपक्षी दलों के हाथ में होना चाहिए। उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात में देश को स्थिर राजनीतिक नेतृत्व की जरूरत है।
एंड्रिस कुलबर्ग्स संसद में छोटे दलों के गठबंधन यूनाइटेड लिस्ट से जुड़े हैं, जो विपक्ष का सबसे बड़ा समूह माना जाता है। हालांकि प्रधानमंत्री पद संभालने के लिए उन्हें संसद से समर्थन हासिल करना होगा और उनके मंत्रिमंडल को भी मंजूरी मिलनी जरूरी होगी।
सरकार के संकट की शुरुआत रक्षा मंत्री एंड्रीस स्प्रूड्स को पद से हटाए जाने के बाद हुई। हाल ही में रूस की दिशा से आए दो यूक्रेनी ड्रोन लातविया की सीमा में प्रवेश कर गए थे और एक तेल भंडारण केंद्र के पास विस्फोट हुआ था। सेना इन ड्रोन को समय रहते पहचान नहीं कर सकी थी।
सिलिना ने ड्रोन रोधी सुरक्षा व्यवस्था के विकास में देरी के लिए रक्षा मंत्री को जिम्मेदार ठहराया था। इसके विरोध में उनकी सहयोगी पार्टी ने सरकार से समर्थन वापस ले लिया, जिसके बाद राजनीतिक संकट और गहरा गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

