home page

भारतीय सांसद शशि थरूर की पुस्तक ‘मैं क्यों हिंदू हूँ’ के नेपाली अनुवाद का होगा लोकार्पण

 | 
भारतीय सांसद शशि थरूर की पुस्तक ‘मैं क्यों हिंदू हूँ’ के नेपाली अनुवाद का होगा लोकार्पण


काठमांडू, 24 अगस्त (हि.स.)। भारतीय राजनीतिज्ञ और बौद्धिक व्यक्तित्व डॉ. शशि थरूर द्वारा लिखित पुस्तक Why I Am a Hindu (मैं क्यों हिंदू हूँ) के नेपाली अनुवाद का काठमांडू में लोकार्पण किया जाएगा।

नेपाल लिटरेचर फेस्टिवल के आयोजन में यह कार्यक्रम आगामी 26 अगस्त को काठमांडू स्थित नेपाल प्रज्ञा प्रतिष्ठान में आयोजित होगा। कार्यक्रम में डॉ. थरूर दक्षिण एशिया में बहुलवाद, आस्था और धर्मनिरपेक्ष लोकतंत्र के विषय पर संवाद करेंगे।

पुस्तक में डॉ. थरूर ने अपने विश्वास और विद्वत्तापूर्ण विश्लेषण के माध्यम से हिंदू धर्म की विभिन्न अवधारणाओं की व्याख्या की है। उन्होंने आदि शंकराचार्य, पतंजलि, स्वामी विवेकानंद और महात्मा गांधी जैसे महापुरुषों के योगदान के साथ वेद, अद्वैत वेदांत और भक्तियोग जैसी दार्शनिक अवधारणाओं पर चर्चा की है।

पुस्तक में पारंपरिक धार्मिक अभ्यासों के साथ हिंदुत्व के उदय और उसके आधुनिक राजनीतिक प्रभावों का भी विश्लेषण किया गया है। थरूर ने भारतीय धर्मनिरपेक्षता के संदर्भ में हिंदू बहुसंख्यक समुदाय की भूमिका पर भी अपना तर्क प्रस्तुत किया है। साथ ही उन्होंने धार्मिक कट्टरपंथ से भारत की सांस्कृतिक विरासत को खतरा उत्पन्न होने की चेतावनी दी है।

पुस्तक का नेपाली अनुवाद पत्रकार स्वेच्छा राउत ने किया है। करीब एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय राउत ने रेडियो से अपने करियर की शुरुआत की तथा बीबीसी नेपाली सेवा में ऑनलाइन पत्रकारिता का अनुभव हासिल किया है।

मैं क्यों हिंदू हूँ का प्रकाशन नेपाल के प्रमुख प्रकाशन गृह फाइनप्रिंट ने किया है। फाइनप्रिंट साहित्य, इतिहास, राजनीति और सार्वजनिक विमर्श से संबंधित महत्वपूर्ण पुस्तकों का प्रकाशन करता रहा है।

आयोजकों के अनुसार डॉ. थरूर के आस्था, धर्मनिरपेक्षता और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़े विचार इन विषयों पर सूचित, संतुलित और रचनात्मक संवाद को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास