home page

कतर ने एलएनजी व अन्य उत्पादों का उत्पादन अस्थायी रूप से रोका

 | 
कतर ने एलएनजी व अन्य उत्पादों का उत्पादन अस्थायी रूप से रोका


दुबई, 02 मार्च (हि.स.)। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच कतर की सरकारी ऊर्जा कंपनी कतर एनर्जी ने रास लफ़्फ़ान इंडस्ट्रियल सिटी और मेसाईद इंडस्ट्रियल सिटी स्थित अपने परिचालन संयंत्रों में लिक्विफाइड नेचुरल गैस (एलएनजी) और संबंधित उत्पादों का उत्पादन अस्थायी रूप से रोकने की घोषणा की है। यह फैसला सैन्य हमले के बाद एहतियातन उठाया गया है।

गल्फ समाचार एजेंसी ने कतर सरकार के हवाले से बताया कि सोमवार को दो ईरानी ड्रोन ने ऊर्जा प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया। हालांकि हमले में किसी बड़े नुकसान या हताहत की सूचना नहीं है।

कतर के रक्षा मंत्रालय ने अपने बयान में कहा है कि ड्रोन ने मेसाईद पावर प्लांट में एक पानी की टंकी को निशाना बनाया, जबकि रास लफ्फ़ान औद्योगिक शहर में कतर एनर्जी से संबंधित एक संयंत्र को भी लक्ष्य बनाया गया। फिलहाल, संबंधित एजेंसियां नुकसान का आकलन कर रही हैं।

अधिकारियों ने नागरिकों और निवासियों से शांति बनाए रखने और सुरक्षा एजेंसियों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। साथ ही लोगों से अफवाहों से बचने और केवल आधिकारिक बयानों पर भरोसा करने का अनुरोध किया गया है।

सरकार ने कहा है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी