home page

(अपडेट) नेपाल में कान्तिपुर मीडिया ग्रुप के मालिक गिरफ्तार, दोहरी नागरिकता रखने का आरोप

 | 

काठमांडू, 21 मई (हि.स.)। दो नागरिकता नंबर रखने के आरोप में पुलिस ने मंगलवार को नेपाल के सबसे बड़े मीडिया हाउस कान्तिपुर ग्रुप के मालिक कैलाश सिरोहिया को गिरफ्तार कर लिया है। सिरोहिया को गिरफ्तार करने के लिए काठमांडू क्राइम ब्रांच के एसएसपी सानुबाबु भट्टराई खुद उनके दफ्तर पहुंचे थे। गिरफ्तारी का वारंट दिखाने के बाद भी सिरोहिया पुलिस के साथ जाने में करीब एक घंटे तक आनाकानी करते रहे, लेकिन पुलिस जबरन उनके दफ्तर से गिरफ्तार करके अपने साथ ले गई।

कान्तिपुर मीडिया के मालिक सिरोहिया के खिलाफ आज दोपहर को ही गिरफ्तारी का वारंट जारी किया गया था। इस के बाद आज शाम करीब साढ़े छह बजे पुलिस ने सिरोहिया को उनके दफ्तर से गिरफ्तार कर लिया है। अपनी गिरफ्तारी का विरोध करते हुए कान्तिपुर मीडिया ग्रुप के चेयरमैन एंड मैनेजिंग डाइरेक्टर कैलाश सिरोहिया ने कहा कि उनकी गिरफ्तारी लोकतंत्र पर प्रहार है। मीडिया हाउस में सैकड़ों पुलिस वालों का घेराबंदी करके एक बड़े अपराधी की तरह उन्हें गिरफ्तार करना स्वतंत्र प्रेस पर हमला है। उन्होंने कहा कि गृहमंत्री रवि लामिछाने ने अपने खिलाफ खबर प्रकाशित करने के कारण यह गिरफ्तारी करवाई है।

हिन्दुस्थान समाचार/पंकज दास/सुनीत