home page

यरुशलम की अदालत ने पूर्व आईसीसी अभियोजक करीम खान पर लगाया 2.5 करोड़ शेकेल का हर्जाना

 | 

यरुशलम, 16 नवंबर (हि.स.)। यरुशलम की जिला अदालत ने अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (आईसीसी) के पूर्व मुख्य अभियोजक करीम खान को इजराइली बंधकों के परिवारों को 2.5 करोड़ इजराइली शेकेल (एनआईएस) हर्जाने के तौर पर देने का आदेश दिया है। अदालत ने इसके अलावा 25 लाख शेकेल मुकदमे का खर्च भी चुकाने को कहा है।

यह फैसला एक दीवानी मुकदमे में खान की ओर से जवाब दाखिल नहीं किए जाने के कारण एकतरफा सुनाया गया। मुकदमे में आरोप लगाया गया था कि खान की कार्रवाइयों ने हमास को नैतिक वैधता प्रदान की और इसके चलते गाजा में बंधकों की कैद लंबी खिंची।

अगस्त, 2025 में शूरत हदीन संगठन ने पूर्व बंधक ईतान मोर और पूर्व बंधकों अविनातन ओर तथा ओमरी मिरान के परिवारों की ओर से मुकदमा दायर किया था। मुकदमा दाखिल किए जाने के समय ये तीनों हमास की कैद में थे। बाद में इन्हें रिहा कर दिया गया।

याचिका में आरोप लगाया गया था कि खान ने मई, 2024 में इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और तत्कालीन रक्षा मंत्री योआव गैलेंट के साथ हमास के वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ भी गिरफ्तारी वारंट मांगे। इसके अलावा, उन्होंने फलस्तीनी इस्लामिक जिहाद के नेताओं के खिलाफ वारंट की मांग नहीं की। याचिकाकर्ताओं का दावा था कि खान की इन कार्रवाइयों से इजराइल और हमास को एक समान बताने का संदेश गया और हमास को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वैधता मिली, जिससे उसे बंधकों को कैद में रखने और इजराइल के सामने मांगें रखने में मदद मिली।

शूरत हदीन की अध्यक्ष नित्साना दरशान-लीटनर ने फैसले को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इससे हेग स्थित आईसीसी के अभियोजकों और न्यायाधीशों को यह संदेश जाएगा कि गैरकानूनी कार्रवाई करने पर उन्हें व्यक्तिगत रूप से जवाबदेह ठहराया जा सकता है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय