home page

जेडी वेंस का दावा- होर्मुज लंबे समय तक बिना शुल्क खुला रहने की उम्मीद

 | 

वॉशिंगटन, 15 जून (हि.स.)। अमेरिका ने उम्मीद जताई है कि वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरुमध्य लंबे समय तक अंतरराष्ट्रीय जहाजों के लिए बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के खुला रहेगा। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा कि समुद्री मार्गों की निर्बाध उपलब्धता वैश्विक व्यापार और ऊर्जा सुरक्षा के लिए आवश्यक है तथा इस दिशा में कूटनीतिक प्रयास जारी हैं।

एक साक्षात्कार में वेंस ने बताया कि होर्मुज स्ट्रेट से जुड़े तकनीकी और प्रशासनिक पहलुओं पर आगे भी बातचीत होगी, जिसके बाद कुछ महत्वपूर्ण निर्णय सामने आ सकते हैं। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि अमेरिका और ईरान के बीच संपर्क के विभिन्न माध्यम सक्रिय हैं और वार्ता की प्रक्रिया पूरी तरह बंद नहीं हुई है।

वेंस के अनुसार, अमेरिका ने ईरान के विभिन्न राजनीतिक और प्रशासनिक केंद्रों के साथ संवाद बनाए रखा है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि तेहरान परमाणु कार्यक्रम से जुड़ी बातचीत में अपेक्षित लचीलापन नहीं दिखाता, तो उस पर लगे आर्थिक प्रतिबंधों में राहत की संभावना सीमित रहेगी।

इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी दावा किया है कि होर्मुज स्ट्रेट में समुद्री यातायात सामान्य हो रहा है। उन्होंने कहा कि तेल लेकर जाने वाले कई जहाज इस महत्वपूर्ण जलमार्ग से गुजर रहे हैं और क्षेत्र के प्रमुख समुद्री रास्तों की सुरक्षा सुनिश्चित की गई है।

ट्रंप ने यह भी कहा कि जहाजों के लिए वैकल्पिक समुद्री मार्ग उपलब्ध हैं, जिससे अंतरराष्ट्रीय व्यापार प्रभावित नहीं होगा। उनके अनुसार, क्षेत्र में स्थिरता बनाए रखने और ऊर्जा आपूर्ति श्रृंखला को सुचारु रखने के लिए सहयोगी देशों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय