home page

ब्रिटेन के प्रतिबंधों पर इजराइल सख्त, ब्रिटिश वाणिज्य दूतावास बंद करने का फैसला

 | 
ब्रिटेन के प्रतिबंधों पर इजराइल सख्त, ब्रिटिश वाणिज्य दूतावास बंद करने का फैसला


यरुशलम, 08 सितंबर (हि.स.)। पश्चिमी तट में इजराइली बस्तियों को लेकर ब्रिटेन द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों के बाद दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ गया है। इजराइल के विदेश मंत्री गिदोन सार ने मंगलवार को ब्रिटेन के खिलाफ कई जवाबी कदमों की घोषणा की। इनमें यरुशलम स्थित ब्रिटिश वाणिज्य दूतावास को बंद करना भी शामिल है।

सार ने कहा कि ब्रिटेन को इजराइल में अमेरिकी नेतृत्व वाले गाजा समन्वय मिशन में भाग लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसके अलावा रामल्ला में फिलिस्तीनी प्राधिकरण के सुरक्षा बलों को प्रशिक्षण देने वाली ब्रिटिश सहायता टीम को भी समाप्त किया जाएगा।

इजराइल ने कुछ ब्रिटिश निर्वाचित प्रतिनिधियों और नागरिकों के प्रवेश पर भी रोक लगाने की घोषणा की है। सार के अनुसार, इन लोगों पर इजराइल विरोधी और यहूदी-विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप हैं।

इजराइली विदेश मंत्री ने ब्रिटिश विदेश मंत्री एड मिलिबैंड के संसद में दिए बयानों को “झूठा और आपत्तिजनक” बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि ब्रिटेन की लेबर सरकार पिछले दो वर्षों से लगातार इजराइल के खिलाफ कदम उठा रही है।

सार ने पश्चिमी तट के उत्पादों के बहिष्कार को भी अनुचित बताते हुए कहा कि इससे वहां काम करने वाले फिलिस्तीनी श्रमिक प्रभावित होंगे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ब्रिटेन के हालिया कदम विदेशों में यहूदी-विरोधी भावना को बढ़ावा दे रहे हैं।

------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय