home page

इजराइल ने ग्रीस को लौटाईं 22 प्राचीन कलाकृतियां

 | 
इजराइल ने ग्रीस को लौटाईं 22 प्राचीन कलाकृतियां


एथेंस, 13 अक्टूबर (हि.स.)। इजराइल ने ग्रीस से अवैध रूप से हटाई गईं 22 प्राचीन कलाकृतियां उसे वापस सौंप दी हैं। ग्रीस इसे अपनी सांस्कृतिक विरासत को वापस लाने के व्यापक अभियान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मान रहा है। एथेंस अब ब्रिटेन के संग्रहालय में रखी पार्थेनन की ऐतिहासिक मूर्तियों की वापसी के लिए भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रयास तेज कर रहा है।

एथेंस स्थित राष्ट्रीय पुरातत्व संग्रहालय में आयोजित समारोह में ग्रीस की संस्कृति मंत्री लीना मेंडोनी ने इजराइल पुरावशेष प्राधिकरण के अधिकारियों से ये कलाकृतियां प्राप्त कीं। इस मौके पर इजराइल पुरावशेष प्राधिकरण के चोरी रोकथाम विभाग के प्रमुख अमीर गनोर भी मौजूद रहे।

मेंडोनी ने कहा कि इजराइल की ओर से ग्रीस को पुरावशेष लौटाने का यह पहला मामला है। इससे दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक विरासत की सुरक्षा के लिए सहयोग बढ़ाने का रास्ता खुलेगा। उन्होंने कहा कि किसी सांस्कृतिक वस्तु की उसके मूल स्थान पर वापसी का महत्व केवल ऐतिहासिक नहीं, बल्कि प्रतीकात्मक और नैतिक भी होता है।

लौटाई गई वस्तुओं में एक महिला की छोटी कांस्य प्रतिमा और विभिन्न प्रकार के मिट्टी के बर्तन शामिल हैं। इनमें तेल रखने की पतली शीशियां, दो हत्थों वाले बड़े पात्र और पौराणिक दृश्यों तथा ज्यामितीय आकृतियों से सजाए गए प्याले शामिल हैं। प्रारंभिक आकलन के अनुसार, ये कलाकृतियां लगभग 700 से 320 ईसा पूर्व के बीच की हैं।

ग्रीस में इजराइल की राजदूत पनिनत यानाय ने बताया कि इन वस्तुओं को इजराइली अधिकारियों ने प्राचीन कलाकृतियों के अवैध व्यापार की जांच के दौरान बरामद किया था। उन्होंने कहा कि ग्रीस और इजराइल, दोनों देशों में पुरातत्व का राष्ट्रीय जीवन में विशेष स्थान है। इससे लोगों को अपनी ऐतिहासिक जड़ों और पहचान को समझने में मदद मिलती है।

ग्रीस अपनी सांस्कृतिक विरासत को वापस लाने के अभियान के तहत ब्रिटिश संग्रहालय में रखी पार्थेनन की मूर्तियों की वापसी की मांग भी कर रहा है। करीब 2,500 वर्ष पुरानी ये मूर्तियां एथेंस के एक्रोपोलिस परिसर से हटाई गई थीं और वर्तमान में लंदन के ब्रिटिश संग्रहालय में प्रदर्शित हैं।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय