home page

इजराइल में अल्पमत सरकार के आसार

 | 
इजराइल में अल्पमत सरकार के आसार


इजराइल में अल्पमत सरकार के आसार


तेल अवीव (इजराइल), 28 अक्टूबर (हि.स.)। इजराइली संसद (नेसेट) के लिए मंगलवार को हुए आम चुनाव में सभी दल बहुमत से दूर नजर आ रहे हैं।

चैनल 11, चैनल 12 और चैनल 13 के एग्जिट पोल के अनुसार, चुनाव में प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का गुट और उन्हें सत्ता से हटाने की कोशिश कर रहा विपक्षी गुट बहुमत के लिए जरूरी 61 सीटों के आंकड़े तक नहीं पहुंच पाए हैं। एग्जिट पोल सामने आने के बाद विपक्षी गुट ने अपनी जीत का दावा किया है। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने फिलहाल कोई टिप्पणी नहीं की है।

द यरूशलम पोस्ट और द टाइम्स ऑफ इजराइल की रिपोर्ट के अनुसार, विपक्षी गुट जिसमें यशार, बी-याचाद, इजराइल बेतेनु और डेमोक्रेट्स शामिल हैं के 50-53 सीटें जीतने का अनुमान है, जबकि नेतन्याहू के गुट को लगभग 50 सीटें मिलने की संभावना है। ऐसा नहीं लगता कि किसी भी पक्ष के पास गठबंधन सरकार बनाने का कोई स्पष्ट रास्ता है, हालांकि एग्जिट पोल जारी होने के तुरंत बाद विपक्षी गुट ने अपनी जीत का दावा कर दिया।

एग्जिट पोल में लिकुड सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। अरब पार्टियों को रिकॉर्ड सीटें मिलती दिखाई पड़ रही हैं। आइसेनकोट ने 'जनता की इच्छा को लागू करने' और 'सभी के लिए अनिवार्य सैन्य सेवा के प्रति प्रतिबद्ध जायोनी सरकार' बनाने के लिए तुरंत कदम उठाने का वादा किया है। नेतान्याहू ने अभी तक कुछ नहीं कहा है। अंतिम परिणाम आने के बाद और नेसेट में पहुंचने वाली सभी पार्टियों के प्रतिनिधियों से बातचीत करने के बाद राष्ट्रपति हर्जोग को सरकार बनाने के लिए उस व्यक्ति को चुनना होगा जो उन्हें सबसे उपयुक्त लगे।

इस बीच वामपंथी 'डेमोक्रेट्स' पार्टी के प्रमुख यायर गोलान का कहना है कि उनका गुट सरकार बनाने के लिए अपने सभी सहयोगियों के साथ मिलकर काम करने को तैयार है। जानकारों ने अल्पमत सरकार की संभावना भी जताई है। गोलान ने एक्स पर लिखा, जनता ने अपना फैसला सुना दिया है, उसने नेतन्याहू सरकार को सत्ता से बाहर कर दिया है। चैनल 12 के एग्जिट पोल के अनुसार, ज़ायोनी विपक्षी गुट को 52 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि नेतन्याहू के गुट को 50 सीटें मिल सकती हैं।

केंद्रीय चुनाव समिति के अनुसार, रात 10 बजे तक मतदान प्रतिशत 77.7% रहा। यानी 5,695,682 इजराइली नागरिकों ने वोट डाला। 2022 के चुनाव में इसी समय तक मतदान प्रतिशत 70.6% था। 1999 के बाद से इस समय तक दर्ज हुआ यह अब तक का सबसे अधिक मतदान प्रतिशत है। यह लगभग अंतिम आंकड़ा है। मतदान केंद्र रात 10 बजे बंद हो गए। इस बीच 'अक्टूबर काउंसिल' ने बनने वाली नई सरकार से कार्यकाल के पहले दिन ही नरसंहार की जांच के लिए एक 'राज्य जांच आयोग' (स्टेट कमीशन ऑफ इन्क्वायरी) गठित करने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद