बेरूत के दहियाह इलाके को खाली करने का इजराइली आदेश, हिजबुल्लाह को चेतावनी
बेरूत/यरुशलम, 01 जून (हि.स.)। इजराइली सेना ने सोमवार को लेबनान की राजधानी बेरूत के दक्षिणी उपनगर दहियाह के निवासियों को तत्काल क्षेत्र खाली करने का आदेश जारी किया। सेना ने चेतावनी दी है कि यदि हिज्बुल्लाह की ओर से इजराइल पर रॉकेट हमले जारी रहते हैं, तो दहियाह क्षेत्र में सैन्य कार्रवाई की जाएगी।
दहियाह को हिज्बुल्लाह का प्रमुख गढ़ माना जाता है और यह संगठन की राजनीतिक तथा सैन्य गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र रहा है। इजराइली सेना ने स्थानीय नागरिकों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील करते हुए कहा कि संभावित हमलों से पहले यह एहतियाती कदम उठाया जा रहा है।
यह चेतावनी ऐसे समय में आई है जब इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सेना को दहियाह क्षेत्र में कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। हाल के दिनों में इजराइल और हिजबुल्लाह के बीच सीमा पार हमलों और जवाबी कार्रवाइयों में तेजी देखी गई है, जिससे पूरे क्षेत्र में तनाव बढ़ गया है।
उधर, लेबनान में इजराइली हमलों को लेकर ईरान ने कड़ा रुख अपनाया है। ईरानी मीडिया के अनुसार, तेहरान ने लेबनान पर जारी इजराइली सैन्य कार्रवाई के विरोध में अमेरिका के साथ चल रही वार्ताओं को निलंबित कर दिया है। ईरान का कहना है कि लेबनान में संघर्ष विराम और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों की अनदेखी नहीं की जा सकती।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

