home page

गाजा जा रहे एक्टिविस्ट्स की हिरासत बढ़ी, स्पेन ने की रिहाई की मांग

 | 

- इजराइल की अदालत ने दिया आदेश

तेल अवीव, 05 मई (हि.स.)। इजराइल की एक अदालत ने गाजा की ओर जा रहे दो विदेशी एक्टिविस्ट्स की हिरासत रविवार तक बढ़ाने का आदेश दिया है। ये दोनों कार्यकर्ता ‘ग्लोबल सुमूद फ्लोटिला’ अभियान का हिस्सा बताए जा रहे हैं। जबकि स्पेन ने फिर से अपने नागरिक की रिहाई की मांग की है।

हिरासत में लिए गए एक्टिविस्ट्स में स्पेन के सैफ अबू केशेक और ब्राजील के थियागो एविला शामिल हैं। दोनों को पिछले सप्ताह ग्रीस के पास अंतरराष्ट्रीय समुद्री क्षेत्र से हिरासत में लिया गया था, जिसके बाद उन्हें इजराइल लाया गया।

मंगलवार को दोनों को अश्केलोन स्थित अदालत में पेश किया गया, जहां मामले की दूसरी सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान अदालत ने उनकी हिरासत को रविवार सुबह तक बढ़ाने की अनुमति दे दी।

इजराइली मानवाधिकार संगठन अदाला की प्रतिनिधि मिरियम अजेम के अनुसार, अदालत ने जांच पूरी होने तक हिरासत जारी रखने का फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की सुनवाई में मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

वहीं, स्पेन ने इजराइल से अपने नागरिक सैफ अबू केशेक को तुरंत रिहा करने की मांग की है। उनका कहना है कि वो अपने नागरिक की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।

इस बीच, इजराइल के मानवाधिकार संगठन अदाला ने दावा किया है कि दोनों एक्टिविस्ट्स हिरासत में भूख हड़ताल पर हैं। संगठन का आरोप है कि उन्हें हिरासत के दौरान उचित सुविधाएं नहीं दी जा रहीं और उनके साथ गलत व्यवहार किया गया है।

यह मामला ऐसे समय में सामने आया है जब गाजा की ओर जाने वाले सहायता जहाजों और एक्टिविस्ट्स को लेकर क्षेत्र में पहले से ही तनाव बना हुआ है। अंतरराष्ट्रीय समुद्री क्षेत्र से गिरफ्तारी को लेकर विभिन्न देशों और संगठनों की ओर से सवाल भी उठाए जा रहे हैं।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय