home page

इजराइल ने फ्रांसीसी पत्रकार को देश में प्रवेश से रोका, बिना कारण लौटाया

 | 

तेल अवीव, 11 जून (हि.स.)। इजराइली अधिकारियों ने एक प्रमुख फ्रांसीसी पत्रकार को देश में प्रवेश की अनुमति देने से इनकार करते हुए उन्हें वापस फ्रांस भेज दिया। इस कदम को लेकर मीडिया संगठनों और पत्रकार समुदाय ने चिंता जताई है।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार फ्रांसीसी पत्रकार ऐलिस फ्रूसार्ड बुधवार को पेरिस से उड़ान भरकर बेन गुरियन एयरपोर्ट पहुंची थीं। वह लंबे समय से इजराइल और फिलिस्तीनी क्षेत्रों से रिपोर्टिंग करती रही हैं और पश्चिमी तट (वेस्ट बैंक) में पत्रकारिता कार्य के लिए आवश्यक प्रेस वीजा की प्रक्रिया भी पूरी कर चुकी थीं।

बताया गया है कि हवाई अड्डे पर पहुंचने के बाद उनसे पूछताछ की गई, कुछ समय तक रोके रखा गया और बाद में उन्हें उसी दिन फ्रांस लौटने वाली उड़ान से वापस भेज दिया गया।

फ्रांसीसी सार्वजनिक रेडियो नेटवर्क रेडियो फ्रांस इंटरनेशनेल (आरएफआई), जिसके लिए फ्रूसार्ड नियमित रूप से रिपोर्टिंग करती रही हैं, ने कहा कि पत्रकार के पास आवश्यक यात्रा अनुमति मौजूद थी। नेटवर्क के अनुसार, इजराइली अधिकारियों ने प्रवेश से इनकार करने के फैसले के संबंध में कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया है।

इजराइल में कार्यरत विदेशी पत्रकारों के संगठन फॉरेन प्रेस एसोसिएशन ने भी इस मामले पर चिंता व्यक्त की है। संगठन का कहना है कि स्वतंत्र पत्रकारिता और मीडिया की आवाजाही पर ऐसे कदम सवाल खड़े करते हैं।

फिलहाल, इजराइली अधिकारियों की ओर से इस मामले पर विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, फ्रांसीसी मीडिया संस्थान ने निर्णय के पीछे के कारणों को स्पष्ट करने की मांग की है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय