ईरान की चेतावनी- नाकाबंदी जारी रही तो तीन अहम समुद्री मार्ग बंद करेंगे
तेहरान/दोहा, 15 अप्रैल (हि.स.)। ईरान ने अमेरिका की नौसैनिक कार्रवाई पर कड़ा रुख अपानते हुए तीन प्रमुख समुद्री मार्गों को बंद करने की धमकी दी है। ईरान ने कहा है कि अगर अमेरिका होर्मुज और उसके बंदरगाहों पर नौसैनिक नाकेबंदी जारी रखता है, तो वह लाल सागर, ओमान सागर और फारस की खाड़ी (पर्शियन गल्फ) में समुद्री व्यापार को पूरी तरह रोक सकता है।
ईरानी सेना के केंद्रीय कमांड सेंटर प्रमुख अली अब्दोल्लाही ने अमेरिकी कदमों को “उकसावे की कार्रवाई” बताते हुए कहा कि ईरानी जहाजों और तेल टैंकरों की सुरक्षा को खतरे में डालने की कोशिशें स्वीकार नहीं की जाएंगी। उन्होंने चेतावनी दी कि ईरान अपनी संप्रभुता और राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए निर्णायक कदम उठाने से पीछे नहीं हटेगा।
गौरतलब है कि अमेरिका ने हाल ही में ईरानी बंदरगाहों पर नौसैनिक नाकेबंदी लागू की है। यह कदम पाकिस्तान में हुई अमेरिका-ईरान वार्ता के विफल रहने के बाद उठाया गया, जिससे क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है। इस नाकाबंदी के तहत होर्मुज क्षेत्र से गुजरने वाले जहाजों की निगरानी और जांच की जा रही है।
इस बीच, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कतर के प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान अल थानी से फोन पर बातचीत की। इस दौरान दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय हालात, अमेरिका-ईरान वार्ता और लेबनान में संघर्ष से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।
कतर ने बातचीत के दौरान शांति प्रयासों को जारी रखने पर जोर देते हुए सभी पक्षों से सकारात्मक रुख अपनाने की अपील की। साथ ही यह भी कहा कि समुद्री मार्गों को खुला रखना बेहद जरूरी है और उन्हें दबाव के साधन के रूप में इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए, क्योंकि इससे वैश्विक आपूर्ति और सुरक्षा पर गंभीर असर पड़ सकता है।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

