home page

ईरान ने पश्चिम एशिया में शांति के लिए चीन की योजना का किया समर्थन

 | 

बीजिंग/तेहरान, 11 मई (हि.स.)। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच ईरान ने क्षेत्र में शांति और स्थिरता स्थापित करने के लिए चीन की पहल का समर्थन किया है। चीन में ईरान के राजदूत अब्दोलरेजा रहमानी फजली ने कहा कि तेहरान, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग द्वारा प्रस्तुत चार सूत्रीय योजना को फारस की खाड़ी क्षेत्र में स्थायी शांति, सुरक्षा और साझा विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानता है।

ईरानी राजदूत के अनुसार इस मुद्दे पर दोनों देशों के विदेश मंत्रियों के बीच हालिया वार्ता में भी विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि ईरान क्षेत्रीय विवादों को बातचीत और सहयोग के माध्यम से सुलझाने के पक्ष में है तथा चीन की पहल इसी दिशा में सकारात्मक प्रयास है।

यह प्रस्ताव उस समय सामने आया था जब चीन की राजधानी बीजिंग में राष्ट्रपति शी जिनपिंग की मुलाकात मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से हुई थी। इस दौरान चीन ने पश्चिम एशिया में तनाव कम करने और दीर्घकालिक स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए चार प्रमुख बिंदुओं पर आधारित योजना पेश की।

चीन की इस योजना में सभी देशों की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के सम्मान पर जोर दिया गया है। साथ ही संघर्षों को सैन्य टकराव के बजाय संवाद और कूटनीति के जरिए सुलझाने की बात कही गई है। प्रस्ताव में आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और मानवीय संकट को कम करने को भी प्राथमिकता दी गई है। इसके अलावा क्षेत्र में दीर्घकालिक शांति और साझा आर्थिक विकास के लिए देशों के बीच सहयोग बढ़ाने पर बल दिया गया है।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय