होर्मुज जलडमरूमध्य में तीन तेल टैंकरों में आग, चालक दल को निकाला गया
तेहरान, 08 नवंबर (हि.स.)। होर्मुज जलडमरूमध्य में रविवार को तीन तेल टैंकरों में विस्फोट के बाद आग लग गई। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने यह दावा किया है। हालांकि, उसने टैंकरों के नाम या उनकी राष्ट्रीयता का खुलासा नहीं किया है।
आईआरजीसी के बयान के मुताबिक, रविवार तड़के तीन टैंकर निर्धारित नियमों का उल्लंघन करते हुए जलडमरूमध्य के उस मार्ग से गुजर रहे थे, जिसे ईरान ने अवैध घोषित किया है। इसी दौरान उनमें विस्फोट हुआ और आग लग गई।
संयुक्त अरब अमीरात के सरकारी मीडिया के मुताबिक, रविवार को ओमान की खाड़ी में आग की चपेट में आए एक जहाज से 22 लोगों को बचाया गया। सभी की हालत स्थिर बताई गई है।
वहीं, ब्रिटेन की समुद्री सुरक्षा एजेंसी यूकेएमटीओ ने बताया कि शनिवार को ओमान के खासाब तट के पास जलडमरूमध्य में एक टैंकर में आग लग गई थी। एजेंसी के अनुसार, सैन्य अधिकारियों ने टैंकर में आग लगने की सूचना दी, जिसके बाद चालक दल को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। शनिवार को ही एक अन्य टैंकर पर अज्ञात वस्तु से हमला किए जाने की भी खबर है।
उल्लेखनीय है कि फरवरी माह के अंत में ईरान युद्ध शुरू होने के बाद से तेहरान ने इस सामरिक समुद्री मार्ग से जहाजों की आवाजाही पर कड़ी पाबंदियां लगा रखी हैं। ईरान का कहना है कि इस मार्ग से गुजरने वाले जहाजों को इस्लामिक गणराज्य द्वारा अधिकृत रास्तों का इस्तेमाल करना होगा। जिसके जवाब में अमेरिका ने ईरानी बंदरगाहों की नौसैनिक नाकेबंदी लागू कर दी और टैंकरों को होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित निकालने में मदद कर रहा है।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

