home page

ट्रंप की चेतावनी पर ईरान का पलटवार, संसद अध्यक्ष बोले- हालात और बिगड़ेंगे

 | 

तेहरान, 11 जून (हि.स.)। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच ईरान ने अमेरिकी चेतावनियों पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाकर गालिबफ ने कहा कि यदि क्षेत्र में तनाव बढ़ाने वाले कदम उठाए गए तो इसके दूरगामी और गंभीर परिणाम हो सकते हैं।

गालिबफ ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर जारी संदेश में अमेरिका को अप्रत्यक्ष चेतावनी देते हुए कहा कि जल्दबाजी में लिए गए फैसले और गलत रणनीतियां पूरे क्षेत्र की स्थिति को और अधिक जटिल बना सकती हैं। उन्होंने संकेत दिया कि ऊर्जा अवसंरचना और वैश्विक ऊर्जा बाजार को निशाना बनाने वाली किसी भी कार्रवाई से व्यापक अस्थिरता पैदा हो सकती है, जिसके प्रभाव लंबे समय तक महसूस किए जाएंगे।

ईरानी नेता का यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है। ट्रंप ने कहा था कि आवश्यकता पड़ने पर अमेरिका ईरान के खिलाफ सख्त सैन्य कदम उठा सकता है। उन्होंने ईरान के प्रमुख तेल निर्यात केंद्र खार्ग आइलैंड का भी उल्लेख किया, जो देश के अधिकांश कच्चे तेल निर्यात का प्रमुख केंद्र माना जाता है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय