home page

होर्मुज जलडमरूमध्य में ईरान की चेतावनी फायरिंग, चार जहाजों ने बदला मार्ग

 | 

तेहरान, 25 जुलाई (हि.स.)। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने दावा किया है कि उसकी नौसेना ने पिछले 24 घंटों के दौरान होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की कोशिश कर रहे चार जहाजों पर चेतावनी के तौर पर फायरिंग की। आईआरजीसी के अनुसार, फायरिंग के बाद सभी जहाजों ने अपना निर्धारित मार्ग बदल लिया।

आईआरजीसी की ओर से जारी बयान में कहा गया कि चारों जहाज दक्षिणी मार्ग से होर्मुज जलडमरूमध्य पार करने का प्रयास कर रहे थे। नौसेना ने उन्हें चेतावनी देने के उद्देश्य से फायरिंग की, जिसके बाद जहाजों ने आगे बढ़ने के बजाय अपना रास्ता बदल लिया।

हालांकि, ईरानी अधिकारियों ने इन जहाजों की पहचान, उनके पंजीकरण वाले देश, स्वामित्व या यह जानकारी साझा नहीं की कि वे तेल टैंकर थे या अन्य प्रकार के मालवाहक जहाज। घटना में किसी जहाज को नुकसान पहुंचने या किसी व्यक्ति के घायल होने की भी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

उल्लेखनीय है कि होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापारिक मार्गों में से एक है। वैश्विक तेल और गैस आपूर्ति का बड़ा हिस्सा इसी मार्ग से होकर गुजरता है। ऐसे में इस क्षेत्र में किसी भी प्रकार की सैन्य गतिविधि या तनाव अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार और समुद्री व्यापार पर व्यापक प्रभाव डाल सकता है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय