home page

फुटबॉल वर्ल्ड कप ईरान के लिए बड़ा कूटनीतिक मंच

 | 

- ईरान म फुटबॉल महासंघ ने रखीं 10 शर्तें

तेहरान, 10 मई (हि.स.)। ईरान के फुटबॉल महासंघ के अध्यक्ष मेहदी ताज ने कहा है कि यदि ईरानी टीम आगामी फुटबॉल विश्व कप में हिस्सा नहीं लेती है तो देश एक महत्वपूर्ण कूटनीतिक अवसर खो देगा। क्षेत्र में जारी तनाव और युद्ध जैसे हालात के बीच ईरान की भागीदारी को लेकर पिछले कई महीनों से अनिश्चितता बनी हुई थी, लेकिन अब ईरान फुटबॉल फेडरेशन ने साफ किया है कि राष्ट्रीय टीम टूर्नामेंट में हिस्सा लेने की तैयारी कर रही है।

फेडरेशन की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी बयान में कहा गया कि ईरान विश्व कप में खेलने को तैयार है, हालांकि मेजबान देशों और आयोजन समिति को ईरानी टीम की सुरक्षा और सम्मान से जुड़ी चिंताओं को गंभीरता से लेना होगा।

मेहदी ताज ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का मंच नहीं होता, बल्कि यह देशों के बीच संवाद और संबंध मजबूत करने का भी अवसर देता है। उनके अनुसार, मौजूदा अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों में विश्व कप में भागीदारी ईरान के लिए खेल के साथ-साथ कूटनीतिक दृष्टि से भी बेहद अहम है।

ईरानी फुटबॉल महासंघ ने टूर्नामेंट में भागीदारी के लिए 10 प्रमुख शर्तें रखी हैं। इनमें खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और अधिकारियों को समय पर वीजा जारी करना, राष्ट्रीय टीम के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करना और एयरपोर्ट से लेकर होटल तथा स्टेडियम तक कड़ी सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराना शामिल है।

फेडरेशन ने यह भी कहा कि टीम के आवागमन, अभ्यास स्थलों और मैचों के दौरान सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। मौजूदा क्षेत्रीय तनाव को देखते हुए खिलाड़ियों और अधिकारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

ईरान ने यह संकेत भी दिया कि वह खेल को राजनीति से अलग रखना चाहता है, लेकिन हालात ऐसे हैं कि सुरक्षा और सम्मान से जुड़े मुद्दों की अनदेखी नहीं की जा सकती।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय