home page

मॉस्को से मैड्रिड तक योग की धूम, हजारों लोगों ने किया सामूहिक अभ्यास

 | 
मॉस्को से मैड्रिड तक योग की धूम, हजारों लोगों ने किया सामूहिक अभ्यास


नई दिल्ली, 21 जून (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को दुनिया के अनेक देशों में बड़े उत्साह और व्यापक जनभागीदारी के साथ योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। ‘योग फॉर हेल्दी एजिंग’ विषय पर आधारित इस वर्ष के आयोजन में हजारों लोगों ने भाग लेकर स्वास्थ्य, संतुलन और मानसिक शांति का संदेश दिया।

रूस की राजधानी मॉस्को में भारतीय दूतावास के जवाहरलाल नेहरू सांस्कृतिक केंद्र तथा मॉस्को सिटी सरकार के सहयोग से प्रतिष्ठित लोमोनोसोव मॉस्को स्टेट यूनिवर्सिटी परिसर में योग दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में योग प्रेमियों, सामाजिक संगठनों और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े लोगों ने भाग लिया।

जर्मनी की राजधानी बर्लिन में ऐतिहासिक ब्रांडेनबर्ग गेट के निकट आयोजित कार्यक्रम में सैकड़ों लोगों ने योगाभ्यास किया। खराब मौसम और वर्षा के बावजूद प्रतिभागियों का उत्साह कम नहीं हुआ और उन्होंने योग के माध्यम से स्वास्थ्य तथा सामंजस्य का संदेश दिया।

डेनमार्क में भी विभिन्न सामाजिक और शैक्षणिक संस्थानों के सहयोग से योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने इसमें भाग लेकर स्वस्थ जीवनशैली में योग की भूमिका को रेखांकित किया।

स्पेन की राजधानी मैड्रिड में शाही महल के समीप आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में योग को विश्व स्तर पर एकता, शांति और स्वस्थ जीवन का माध्यम बताया गया। वहीं हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट में आयोजित योग कार्यक्रम में भारतीय समुदाय के साथ स्थानीय नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी की।

इस वर्ष की थीम ‘योग फॉर हेल्दी एजिंग’ ने विशेष रूप से वृद्धावस्था में स्वास्थ्य, सक्रिय जीवनशैली और मानसिक संतुलन के महत्व को रेखांकित किया। विभिन्न देशों में आयोजित कार्यक्रमों ने यह संदेश दिया कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन का माध्यम बन चुका है।

दुनिया के अनेक देशों में आयोजित इन कार्यक्रमों ने एक बार फिर साबित किया कि योग भारत की प्राचीन परंपरा से निकलकर वैश्विक जनआंदोलन का स्वरूप ले चुका है और यह मानवता को स्वास्थ्य, शांति और सद्भाव की दिशा में जोड़ने का कार्य कर रहा है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय