इंडोनेशिया के राष्ट्रपति 17 जून को जा सकते हैं रूस की यात्रा पर
जकार्ता, 10 जून (हि.स./रिया नोवोस्ती) इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो रूस के कज़ान में होने वाले रूस-आसियान शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए 17 जून को रूस यात्रा करने की योजना बना रहे हैं।
इंडोनेशिया के विदेश उप मंत्री अरमानथा नासिर ओएग्रोसेनो ने बुधवार को राष्ट्रपति भवन में पत्रकारों से बात करते हुए कहा, राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो कज़ान में 17 जून को आसियान शिखर सम्मेलन में भाग लेने की योजना बना रहे हैं।
विदेश उप मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि यात्रा के कार्यक्रम को अभी दोनों पक्ष अंतिम रूप दे रहे हैं और इसमें बदलाव हो सकता है। उन्हाेंने कहा कि इंडोनेशिया अभी भी शिखर सम्मेलन सचिवालय से आधिकारिक कार्यक्रम का इंतजार कर रहा है, जिसके आधार पर तारीखें तय हाेंगी।
उल्लेखनीय है कि दाे जून को रूस में फिलीपींस के राजदूत इगोर बैलेन ने कहा था कि फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर कज़ान में रूस-आसियान शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। रूस और आसियान 2026 में अपनी संवाद साझेदारी की 30वीं वर्षगांठ मना रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन बुधौलिया

