home page

पूर्वी इंडोनेशिया के पास 6.2 तीव्रता का भूकंप, किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं

 | 
पूर्वी इंडोनेशिया के पास 6.2 तीव्रता का भूकंप, किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं


जकार्ता, 04 जुलाई (हि.स.)। पूर्वी इंडोनेशिया के नॉर्थ मलुकु प्रांत के पास शुक्रवार को 6.2 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) के अनुसार, भूकंप में अभी तक किसी के हताहत होने या बड़े नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है।

तुर्किए की सरकारी संवाद एजेंसी अनाडाेलू और इंडाेनेशिया की चैनल न्यूज़ एशिया (सीएनए) के अनुसार, भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह 11:31 बजे टोबेलो से लगभग 58 किलोमीटर पश्चिम में आया। इसका केंद्र 120 किलोमीटर की गहराई पर था। झटके इतने तेज थे कि आसपास के क्षेत्रों में लोग कुछ सेकंड के लिए घबरा गए।

भूकंप के केंद्र से करीब 114 किलोमीटर दूर स्थित टर्नेट शहर के निवासी ने बताया कि झटके के दौरान वे एक कॉफी स्टॉल पर बैठे थे और अचानक कुर्सी हिलने लगी, जिससे उन्हें पिछले भूकंपों की याद आ गई।

इंडोनेशिया की मौसम विज्ञान, जलवायु विज्ञान और भूभौतिकी एजेंसी (बीएमकेजी) ने पुष्टि की है कि इस भूकंप के बाद सुनामी का कोई खतरा नहीं है।

इंडोनेशिया “रिंग ऑफ फायर” क्षेत्र में स्थित है, जहां टेक्टोनिक प्लेटों की गतिविधि के कारण भूकंप और ज्वालामुखीय घटनाएं अक्सर होती रहती हैं। इसी वजह से यह देश दुनिया के सबसे भूकंप-प्रवण क्षेत्रों में से एक माना जाता है।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी