नेपाल में 200 और 500 रुपये के भारतीय नोटों के इस्तेमाल को मिली आधिकारिक मंजूरी
काठमांडू, 23 जुलाई (हि.स.)। नेपाल राष्ट्र बैंक ने 200 और 500 रुपये मूल्यवर्ग के भारतीय नोटों के वैध उपयोग की आधिकारिक अनुमति दे दी है। केंद्रीय बैंक ने आवश्यक प्रक्रियात्मक व्यवस्थाएं पूरी करने के बाद इन नोटों के इस्तेमाल और विनिमय को भी औपचारिक रूप से लागू कर दिया है।
केंद्रीय बैंक के अनुसार, 09 नवंबर 2016 के बाद जारी किए गए 500 रुपये तक के भारतीय नोट अब नेपाल लाए या भारत ले जाए जा सकते हैं। नेपाली बाजार में 500 रुपये तक के भारतीय नोटों से लेन-देन किया जा सकेगा और बैंक भी इन नोटों का आसानी से विनिमय करेंगे।
गुरुवार को नेपाल राष्ट्र बैंक ने निर्देश जारी कर नेपाल सरकार के निर्णय को लागू करते हुए भारतीय नोटों के उपयोग की अनुमति दी। हालांकि, नवंबर 2016 से पहले जारी किए गए 500 और 1,000 रुपये के पुराने भारतीय नोटों का उपयोग अब भी प्रतिबंधित रहेगा।
इसी तरह, वर्तमान में प्रचलन में मौजूद 2,000 रुपये के भारतीय नोटों को नेपाल लाने, ले जाने या अपने पास रखने की अनुमति नहीं होगी। केंद्रीय बैंक ने यह भी स्पष्ट किया है कि भारत के अलावा किसी अन्य देश से भारतीय मुद्रा नेपाल लाना या नेपाल से बाहर ले जाना अनुमत नहीं होगा।
गौरतलब है कि भारत सरकार ने 08 नवंबर 2016 को 500 और 1,000 रुपये के पुराने नोटों को बंद कर दिया था, जिसका असर नेपाल पर भी पड़ा था।
उस समय तक नेपाल में बड़े मूल्यवर्ग के भारतीय नोटों का व्यापक उपयोग होता था। नेपाल की बैंकिंग प्रणाली में 500 और 1,000 रुपये के भारतीय नोटों के रूप में 7 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जमा थी। इन नोटों को बदलवाने के लिए नेपाल ने कई बार पहल की, लेकिन भारत सरकार ने इसकी अनुमति नहीं दी। इसके बाद नेपाल में बड़े मूल्यवर्ग के भारतीय नोटों के उपयोग पर रोक लगा दी गई थी।
नेपाल राष्ट्र बैंक के प्रवक्ता गुरु पौडेल ने बताया कि अब व्यवस्था ऐसी बनाई गई है कि नेपाली बैंक आम नागरिकों से ये नोट लेकर नेपाल राष्ट्र बैंक तक पहुंचा सकेंगे और केंद्रीय बैंक इन्हें भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) में अपने खाते में जमा कर सकेगा। इसी व्यवस्था के बाद बड़े मूल्यवर्ग के भारतीय नोटों के उपयोग की अनुमति दी गई है।
रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) ने पिछले वर्ष विदेशी विनिमय प्रबंधन नियमावली-2015 में संशोधन करते हुए नेपाल और भारत के बीच बड़े मूल्यवर्ग के भारतीय नोटों के आवागमन की अनुमति दी थी। नए नियमों के तहत 100 रुपये तक के भारतीय नोट किसी भी मात्रा में भारत से नेपाल या नेपाल से भारत लाए-ले जाए जा सकते हैं और इस पर कोई सीमा नहीं है।
वहीं, 100 रुपये से अधिक मूल्यवर्ग के नोटों के मामले में अधिकतम 25,000 भारतीय रुपये तक भारत से नेपाल लाने या नेपाल से भारत ले जाने की अनुमति दी गई है। इसके बाद नेपाल सरकार ने भी बड़े मूल्यवर्ग के भारतीय नोटों के उपयोग को मंजूरी दे दी थी, लेकिन प्रक्रियागत व्यवस्थाएं पूरी न होने के कारण इसे लागू नहीं किया गया था। अब सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद नेपाल राष्ट्र बैंक ने गुरुवार से इसे औपचारिक रूप से लागू कर दिया है।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

