home page

नेपाल के वित्त मंत्री वाग्ले और वित्त मंत्री सीतारमण के बीच दिल्ली में मुलाकात, पुनर्निर्माण पर चर्चा

 | 
नेपाल के वित्त मंत्री वाग्ले और वित्त मंत्री सीतारमण के बीच दिल्ली में मुलाकात, पुनर्निर्माण पर चर्चा


काठमांडू, 17 सितंबर (हि.स.)। नेपाल के वित्त मंत्री स्वर्णिम वाग्ले और भारत की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के बीच हुई मुलाकात में नेपाल में बाढ़ के बाद पुनर्निर्माण तथा नेपाल-भारत के बीच आर्थिक सहयोग को और मजबूत करने के उपायों पर चर्चा हुई।

भारत दौरे पर गए मंत्री स्वर्णिम वाग्ले और उनकी समकक्ष निर्मला सीतारमण के बीच गुरुवार शाम 5 बजे नई दिल्ली स्थित कर्तव्य भवन परिसर में भारतीय वित्त मंत्रालय में मुलाकात हुई। बैठक में दोनों देशों के सरकारी प्रतिनिधिमंडलों के सदस्य भी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान दोनों मंत्रियों ने विकास सहयोग और दोनों देशों के बीच लंबे समय से कायम आर्थिक साझेदारी से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। दौरे में शामिल प्रतिनिधिमंडल के एक सदस्य ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बातचीत में बाढ़ के बाद पुनर्निर्माण, व्यापार, निवेश, ऊर्जा और कनेक्टिविटी समेत आपसी हित से जुड़े अन्य विषयों को शामिल किया गया।

इसके अलावा नेपाल और भारत के बीच आर्थिक सहयोग को और मजबूत तथा व्यापक बनाने के अवसरों पर भी दोनों पक्षों के बीच चर्चा हुई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास