home page

भारत सरकार ने नेपाल के सशस्त्र प्रहरी बल को दी 10 हजार सेल टियर गैस की मदद

 | 
भारत सरकार ने नेपाल के सशस्त्र प्रहरी बल को दी 10 हजार सेल टियर गैस की मदद


काठमांडू, 22 फरवरी (हि.स.)। भारत सरकार ने नेपाल के सशस्त्र प्रहरी बल (एपीएफ) को अनुदान स्वरूप टियर गैस सेल उपलब्ध कराए हैं। 5 मार्च को होने वाले प्रतिनिधि सभा सदस्य निर्वाचन के लिए भारत सरकार ने यह सहायता दी है।

सशस्त्र प्रहरी बल के डीआईजी पुरुषोत्तम थापा ने बताया कि संसदीय चुनाव में उपयोग के लिए भारत सरकार से 10 हजार टियर गैस सेल प्राप्त हुए हैं। इनका प्रयोग निर्वाचन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से किया जाएगा। इसके अलावा भारत सरकार ने नेपाल सरकार को सहयोग स्वरूप 538 वाहन भी हस्तांतरित किए हैं। गृह मंत्रालय के अधिकारियों के अनुसार अब तक सभी 538 वाहन नेपाल पहुंच चुके हैं। भारत से बोलेरो जीप, स्कॉर्पियो और स्कॉर्पियो पिकअप वाहन प्राप्त हुए हैं।

डीआईजी थापा ने बताया कि नेपाल को मिले वाहनों में से सरकार ने 93 वाहन सशस्त्र प्रहरी बल को प्रदान किए हैं। गृह मंत्रालय के माध्यम से इन वाहनों को 44 जिलों में भेजा जा चुका है। थापा ने बताया कि आज भी 10 जिलों में नए वाहन भेजे गए हैं। यह सहयोग दोनों देशों के बीच सुरक्षा एवं प्रशासनिक समन्वय को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है, विशेष रूप से चुनाव जैसे संवेदनशील अवसर पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास