भारत-नेपाल के बीच व्यापार और पारगमन सहयोग मजबूत करने पर जोर
काठमांडू, 18 सितंबर (हि.स.)। भारत और नेपाल के बीच व्यापार, पारगमन और अनधिकृत व्यापार पर नियंत्रण को लेकर अंतर-सरकारी उपसमिति की बैठक में दोनों देशों के अधिकारियों ने द्विपक्षीय व्यापार और आर्थिक सहयोग से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा की।
नेपाल के वाणिज्य विभाग के मुताबिक 16 और 17 सितंबर को नई दिल्ली में हुई बैठक के दौरान बाजार पहुंच, व्यापार सुविधा, सीमा शुल्क सहयोग, उत्पाद मानक, स्वच्छता एवं पादप स्वच्छता (SPS) उपाय, फार्मास्यूटिकल्स और आयुष उत्पादों से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। इसके अलावा सीमा अवसंरचना, कनेक्टिविटी और पारगमन व्यापार को लेकर भी चर्चा की गई।
इस बयान में कहा गया है कि दोनों पक्षों ने संस्थागत स्तर पर लगातार संवाद जारी रखते हुए द्विपक्षीय व्यापार, पारगमन कनेक्टिविटी और आर्थिक सहयोग को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई। वाणिज्य विभाग के अधिकारी ने कहा कि बैठक का उद्देश्य भारत और नेपाल के बीच व्यापारिक गतिविधियों को सुगम बनाने तथा दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए सहयोग को मजबूत करना रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

