home page

सऊदी अरब के नजरान में हूती हमला, छह लोग घायल

 | 

रियाद, 18 अक्टूबर (हि.स.)। यमन की सीमा के पास दक्षिणी सऊदी अरब के नजरान शहर में हूती विद्रोहियों के हमले में कम से कम छह लोग घायल हो गए। सऊदी अरब की नागरिक सुरक्षा एजेंसी के अनुसार, रविवार को एक रिहायशी इलाके में प्रक्षेपास्त्र गिरने से तीन मकानों और तीन वाहनों को भी नुकसान पहुंचा।

नागरिक सुरक्षा एजेंसी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर जारी बयान में बताया कि उसे नजरान के रिहायशी क्षेत्र में हूती विद्रोहियों की ओर से दागे गए प्रक्षेपास्त्र के गिरने की सूचना मिली थी। इसके बाद राहत और सुरक्षा दल मौके पर पहुंचे। एजेंसी ने घायलों को सऊदी नागरिक बताया, हालांकि उनकी स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी गई।

ईरान समर्थित हूती विद्रोही पिछले कई सप्ताह से सऊदी अरब के हवाई अड्डों और ऊर्जा प्रतिष्ठानों को निशाना बना रहे हैं। सऊदी अरब और हूतियों के बीच संघर्ष तेज होने के साथ क्षेत्र में सुरक्षा संबंधी चिंताएं बढ़ गई हैं। हमले ने यमन से सटे सऊदी क्षेत्रों में नागरिकों और संपत्ति की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय