home page

हिज्बुल्लाह ने इजराइल पर लगाया युद्धविराम उल्लंघन का आरोप

 | 

- दक्षिण लेबनान में दो लोगों की मौत

बेरूत, 23 जून (हि.स.)। लेबनान में संघर्षविराम की कोशिशों के बीच एक बार फिर तनाव बढ़ गया है। हिज्बुल्लाह ने इजराइल पर युद्धविराम समझौते के उल्लंघन का आरोप लगाया है। लेबनान के स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, दक्षिणी लेबनान में हुए एक हमले में दो लोगों की मौत हो गई।

हिज्बुल्लाह ने दावा किया कि नबातियेह क्षेत्र में नागरिकों के एक समूह को निशाना बनाया गया। संगठन के अनुसार, यह समूह क्षेत्र में मलबा हटाने और मृतकों की तलाश के कार्य में लगा हुआ था। हिज्बुल्लाह ने इस घटना को संघर्षविराम की शर्तों का खुला उल्लंघन बताया है।

दूसरी ओर, इजराइली सेना ने कहा कि उसके सैनिकों के लिए तत्काल खतरा पैदा करने वाले सशस्त्र लोगों को निशाना बनाया गया। सेना का कहना है कि दक्षिणी लेबनान के सुरक्षा क्षेत्र में उसके जवानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह कार्रवाई की गई।

इजराइली सेना ने एक अन्य घटना का भी उल्लेख किया, जिसमें उसके अनुसार कुछ संदिग्ध लोग निर्माण उपकरण और मोटरसाइकिल के साथ सुरक्षा क्षेत्र में मौजूद सैनिकों के करीब पहुंच रहे थे। सेना ने इसे संभावित खतरा बताते हुए कार्रवाई की जानकारी दी।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय