home page

सेनेगल में भारी बारिश से बाढ़ की आफत, कई लोगों की मौत

 | 

डकार, 05 अक्टूबर (हि.स.)। पश्चिम अफ्रीकी देश सेनेगल में लगातार हो रही बारिश से कई इलाकों में बाढ़ की समस्या उत्पन्न हो गई है। सड़कों पर पानी भरने और इमारतों के क्षतिग्रस्त होने से जनजीवन प्रभावित हुआ है। सरकार ने डकार और अन्य इलाकों में कई लोगों की मौत तथा लोगों के घायल होने की जानकारी दी है। अधिकारियों ने आने वाले दिनों में और बारिश की चेतावनी भी दी है।

राजधानी डकार समेत कई क्षेत्रों में अचानक आई बाढ़ से यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई। यह स्थिति ऐसे समय बनी है, जब सेनेगल 31 अक्टूबर से शुरू होने वाले 2026 समर यूथ ओलंपिक की मेजबानी की तैयारी कर रहा है। बाढ़ ने देश के बुनियादी ढांचे के सामने भी चुनौती खड़ी कर दी है।

गृह मंत्रालय के अनुसार, डकार और उत्तर-पूर्वी शहर माताम में बारिश से कई लोगों की मौत और कुछ लोगों के घायल होने की सूचना है। दक्षिणी शहर काओलैक में एक इमारत के ढहने की भी जानकारी दी गई है। स्थानीय मीडिया ने एक महिला और उसके बच्चे की मौत की खबर दी है।

प्रधानमंत्री अहमदू अल अमीनू लो ने कहा कि मंगलवार और बुधवार को भी बारिश होने की संभावना काफी अधिक है। उन्होंने कहा कि यदि बाढ़ का पानी कम नहीं हुआ तो इस सप्ताह शुरू होने वाले नए शैक्षणिक सत्र को टाला जा सकता है।

सेनेगल की मौसम विज्ञान एजेंसी एएनएसीआईएम के अनुसार, डकार के बाहरी इलाके में स्थित रूफिस्क और माताम क्षेत्र के रानेरू में 24 घंटे के दौरान 142 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। डकार के योफ इलाके में इसी अवधि में 138 मिलीमीटर बारिश हुई।

अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिए हैं और लोगों से मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय