home page

शेख हसीना ने आत्मसमर्पण किया तो सीधे जेल भेजा जाएगा : बांग्लादेश सरकार

 | 
शेख हसीना ने आत्मसमर्पण किया तो सीधे जेल भेजा जाएगा : बांग्लादेश सरकार


ढाका, 13 जुलाई (हि.स.)। बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने अपदस्थ पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए कहा है कि यदि वह आत्मसमर्पण करती हैं तो मौजूदा कानून के तहत उन्हें सबसे पहले जेल भेजा जाएगा। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि भारत से उनके प्रत्यर्पण (एक्सट्राडिशन) के लिए राजनयिक प्रयास लगातार जारी हैं।

बांग्लादेश की विदेश राज्य मंत्री शमा ओबैद इस्लाम ने रविवार को विदेश मंत्रालय में पत्रकारों से कहा कि शेख हसीना पहले ही एक मामले में दोषी ठहराई जा चुकी हैं, इसलिए उनकी ओर से दिए जा रहे किसी भी बयान पर सरकार को विचार करने की आवश्यकता नहीं है।

उन्होंने कहा, शेख हसीना चाहे भारत में आत्मसमर्पण करें या बांग्लादेश में, उन्हें सबसे पहले जेल जाना होगा। आगे की कार्रवाई पूरी तरह कानून के अनुसार होगी।

शमा ओबैद ने बताया कि बांग्लादेश सरकार मौजूदा प्रत्यर्पण संधि के तहत भारत से शेख हसीना को सौंपने का औपचारिक अनुरोध पहले ही कर चुकी है और उनकी वापसी सुनिश्चित करने के लिए कूटनीतिक प्रयास जारी हैं। उन्होंने कहा कि हसीना के बांग्लादेश लौटने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया न्यायिक व्यवस्था के अनुसार चलेगी।

शेख हसीना के दिसंबर में बांग्लादेश लौटने संबंधी हालिया बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए विदेश राज्य मंत्री ने कहा कि यह बयान संभवतः देश से बाहर या भूमिगत हो चुके अवामी लीग के नेताओं और कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने की कोशिश है।

उन्होंने कहा, आत्मसमर्पण करने के बजाय विदेश से दिए जा रहे उनके बयान छिपे हुए या देश छोड़ चुके अवामी लीग नेताओं और कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित करने का प्रयास प्रतीत होते हैं।

हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि शेख हसीना कब और कहां आत्मसमर्पण करती हैं, यह उनका व्यक्तिगत निर्णय है। सरकार की जिम्मेदारी केवल उनकी वापसी और कानूनी प्रक्रिया को आगे बढ़ाना है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय