ग्वाटेमाला के फुएगो ज्वालामुखी की सक्रियता बढ़ी, एहतियातन लोगों को हटाया गया
ग्वाटेमाला सिटी, 04 अगस्त (हि.स.)। ग्वाटेमाला के सक्रिय फुएगो ज्वालामुखी की गतिविधि तेज होने के बाद प्रशासन ने आसपास के क्षेत्रों में एहतियाती कदम उठाते हुए दो समुदायों को खाली कराने का आदेश दिया है। अधिकारियों के अनुसार ज्वालामुखी अधिक तीव्र विस्फोटक चरण में प्रवेश कर गया है और लगातार राख उगल रहा है।
आपदा प्रबंधन एजेंसी ने बताया कि ज्वालामुखी से निकलने वाले पायरोक्लास्टिक प्रवाह (ज्वालामुखीय गैस, राख और चट्टानों का अत्यंत तेज मिश्रण) पांच घाटियों की ओर बहा है। इसी खतरे को देखते हुए एल पोर्वेनिर और लास लाजितास क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा रहा है।
अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि ज्वालामुखीय गतिविधि और बढ़ती है तो ये प्रवाह अधिक दूरी तक पहुंच सकते हैं। साथ ही राख के बादल ज्वालामुखी से लगभग 100 किलोमीटर पश्चिम और उत्तर-पश्चिम दिशा तक फैल सकते हैं, जिससे कई इलाकों में वायु गुणवत्ता और जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।
स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने ऑरेंज अलर्ट घोषित कर निगरानी बढ़ा दी है। वैज्ञानिक टीमें लगातार ज्वालामुखी की गतिविधियों पर नजर रखे हुए हैं और स्थानीय प्रशासन राहत एवं बचाव तैयारियों को मजबूत कर रहा है।
फुएगो ज्वालामुखी राजधानी ग्वाटेमाला सिटी से लगभग 30 किलोमीटर दक्षिण में स्थित है और मध्य अमेरिका के सबसे सक्रिय ज्वालामुखियों में गिना जाता है। वर्ष 2018 में इसके बड़े विस्फोट ने एक पूरे समुदाय को राख और मलबे में दबा दिया था, जिसमें 200 से अधिक लोगों की मौत हुई थी। वर्तमान गतिविधि ने उस त्रासदी की यादें फिर ताजा कर दी हैं और प्रशासन किसी भी संभावित खतरे से बचने के लिए पहले से सतर्कता बरत रहा है।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

