ग्रीक जहाज पर ड्रोन हमले के बाद वैश्विक समुद्री संघर्षविराम की मांग
एथेंस, 29 अक्टूबर (हि.स.)। बुल्गारिया के तट के पास ड्रोन हमले में ग्रीस का एक कंटेनर जहाज डूबने के बाद प्रधानमंत्री किरियाकोस मित्सोताकिस ने वैश्विक समुद्री संघर्षविराम की मांग की है। उन्होंने कहा कि युद्ध और संघर्ष के दौरान भी व्यापारिक जहाजों को समुद्र में सुरक्षित और निर्बाध आवाजाही का अधिकार मिलना चाहिए।
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में ग्रीस की अध्यक्षता के तहत आयोजित समुद्री सुरक्षा पर उच्चस्तरीय बहस में मित्सोताकिस ने नागरिक व्यापारिक जहाजों को निशाना बनाए जाने को पूरी तरह अस्वीकार्य बताया। उन्होंने कहा कि यह घटना वैश्विक समुद्री संघर्षविराम की तत्काल आवश्यकता की एक और याद दिलाती है।
मित्सोताकिस के मुताबिक, समुद्री मार्गों पर हमलों और नौवहन में बाधा से माल ढुलाई तथा बीमा की लागत बढ़ती है। इसका अंतिम बोझ उपभोक्ताओं पर पड़ता है। पश्चिमी काला सागर में इस महीने जहाजों पर हमलों की कई घटनाएं सामने आने के बीच उनकी यह टिप्पणी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
ग्रीक प्रधानमंत्री ने तुर्किये और लीबिया के बीच हुए समुद्री समझौते का भी उल्लेख किया। इस समझौते का ग्रीस, साइप्रस और तीन अरब देशों ने विरोध किया है। मित्सोताकिस ने कहा कि कोई भी द्विपक्षीय समझौता समुद्री कानून से जुड़े अंतरराष्ट्रीय नियमों से ऊपर नहीं हो सकता। ये नियम देशों के बीच सहयोग और समुद्री विवादों के शांतिपूर्ण समाधान का आधार प्रदान करते हैं।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, “हम अपने समुद्रों को जंगल नहीं बनने दे सकते।” उनका जोर समुद्री सुरक्षा, अंतरराष्ट्रीय कानून के पालन और व्यापारिक जहाजों की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने पर रहा।
------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

