home page

जर्मनी में चाकू से हमला कर कई लोगों को घायल किया

 | 

बर्लिन, 31 मई (हि.स.)। जर्मनी के दक्षिण-पश्चिम शहर मैनहेम में शुक्रवार को एक हमलावर ने चाकू से हमला कर कई लोगों को घायल कर दिया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि जवाबी कार्रवाई में हमलावर भी गोली लगने से घायल हुआ है।

पुलिस के अनुसार यह घटना पूर्वाह्न 11.30 बजे से कुछ ही मिनट बाद हुई। उसने कहा कि घायलों की स्थिति या उनकी संख्या के बारे में तत्काल कोई जानकारी नहीं दी जा सकती। घायलों में एक पुलिस अधिकारी भी शामिल हैं। पुलिस ने एक बयान में कहा कि फिलहाल आम लोगों के लिए खतरे की कोई बात नहीं है।

राजनीतिक इस्लाम के बढ़ते प्रभावों से उत्पन्न खतरों से लोगों को आगाह करने वाले समूह पैक्स यूरोपा ने कहा कि इसके द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम से इतर यह हमला हुआ। इसने कहा कि कार्यक्रम के वक्ताओं में शामिल इस्लाम विरोधी कार्यकर्ता माइकल स्त्रुजेनबर्जर भी घायलों में शामिल है।

गृह मंत्री नैंसी फेसर ने कहा कि हमले के मकसद का पता करना जांचकर्ताओं का काम है। उन्होंने एक बयान में कहा, यदि जांच में इस्लामी मकसद सामने आता है तो हिंसा के उन इस्लामी कृत्यों की यह एक और पुष्टि होगी, जिसकी हमने चेतावनी दी है। चांसलर ओलाफ शोल्ज ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, हमारे लोकतंत्र में हिंसा पूरी तरह से अस्वीकार्य है। यह घटना मैनहेम शहर में एक चौराहे पर हुई। करीब तीन लाख की आबादी वाला यह शहर फैं्रकफर्ट के दक्षिण में स्थित है।

हिन्दुस्थान समाचार/ अजीत तिवारी/प्रभात