home page

रूसी हमलों पर जर्मनी-डेनमार्क का कड़ा रुख, पोलैंड मिसाइल घटना को बताया 'लापरवाही'

 | 

बर्लिन/कोपेनहेगन, 30 जुलाई (हि.स.)। यूक्रेन पर रूस के ताजा हमलों और पोलैंड में हुई मिसाइल घटना को लेकर जर्मनी और डेनमार्क ने रूस की कड़ी आलोचना की है। दोनों देशों के नेताओं ने इसे यूरोप की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बताते हुए यूक्रेन और पोलैंड के प्रति अपना समर्थन दोहराया।

जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़ ने कहा कि रूस के व्यापक हमलों में एक बार फिर कई निर्दोष नागरिकों की जान गई है। उन्होंने पोलैंड में हुई मिसाइल घटना को भी लापरवाहीपूर्ण और तनाव बढ़ाने वाली कार्रवाई करार दिया।

मर्ज ने अपने बयान में कहा, हम यूक्रेन पर हुए बड़े पैमाने के रूसी हमलों की कड़ी निंदा करते हैं। पोलैंड में मिसाइल घटना रूस की लापरवाही और तनाव बढ़ाने की उसकी मंशा को दर्शाती है। हम अपने साझेदार देशों के साथ मजबूती से खड़े हैं।

वहीं, डेनमार्क की प्रधानमंत्री मेटे फ्रेडरिकसेन ने भी रूस की कार्रवाई की निंदा करते हुए कहा कि यूक्रेन में नागरिकों की मौत और पोलैंड के हवाई क्षेत्र का उल्लंघन बेहद चिंताजनक है।

उन्होंने कहा, रूस का युद्ध पूरे यूरोप की सामूहिक सुरक्षा के लिए खतरा है। डेनमार्क यूक्रेन और पोलैंड के साथ मजबूती से खड़ा है। हमें यूक्रेन के लिए अपना समर्थन बढ़ाने और रूस पर दबाव और अधिक मजबूत करने की आवश्यकता है।

रूस के हालिया हमलों और पोलैंड से जुड़े घटनाक्रम के बाद यूरोपीय देशों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। कई यूरोपीय नेताओं ने संकेत दिए हैं कि वे यूक्रेन के समर्थन और रूस पर प्रतिबंधों के मुद्दे पर और अधिक समन्वित कदम उठा सकते हैं।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय