home page

यूक्रेन में रूसी हमलों में सात लोगों की मौत, कीव में ड्रोन हमलों से मचा हड़कंप

 | 

कीव, 23 सितंबर (हि.स.)। यूक्रेन में बुधवार को रूसी हमलों की एक नई लहर में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई। हमलों में राजधानी कीव समेत देश के कई हिस्सों में लॉजिस्टिक्स और बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया गया। कीव में दो लोगों की मौत हुई, जबकि स्थानीय अधिकारियों के अनुसार 41 लोग घायल हुए हैं।

यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि रूस ने राजधानी पर बड़ी संख्या में ड्रोन दागे। यह हमला ऐसे समय हुआ जब जेलेंस्की न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित करने वाले थे। उनके भाषण में रूस के ड्रोन और मिसाइल हमलों से निपटने के लिए बेहतर वायु रक्षा व्यवस्था की मांग किए जाने की उम्मीद थी।

यूक्रेनी अधिकारियों के अनुसार, रूसी ड्रोन ने पेट्रोल पंपों, कार्यालयों, कारोबारी प्रतिष्ठानों और रेलवे से जुड़े बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया। यूक्रेन रेलवे के प्रमुख ओलेक्सांद्र पर्त्सोव्स्की ने कहा कि कीव का रेल नेटवर्क भी हमले की चपेट में आया है। उन्होंने यात्रियों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की।

पूर्वी डोनबास क्षेत्र में क्रामातोर्स्क के पश्चिम स्थित ओलेक्सांद्रिव्का में एक आवासीय इमारत पर हमले में कम से कम चार लोगों की मौत हुई, जिनमें एक बच्चा भी शामिल है। यूक्रेन के मानवाधिकार आयुक्त दिमित्रो लुबिनेत्स ने कहा कि चार अन्य लोग घायल हुए हैं और मलबे में कई और लोगों के दबे होने की आशंका है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय