फ्रांस के जंगल में लगी भीषण आग से टूर डी फ्रांस के तीसरे चरण पर संकट
पेरिस, 05 जुलाई (हि.स.)। दक्षिण-पश्चिमी फ्रांस में लगी भीषण जंगल की आग के कारण विश्व प्रसिद्ध साइकिल रेस टूर डी फ्रांस के तीसरे चरण के आयोजन पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। सोमवार को होने वाले इस चरण का समापन लेस एंगल्स में होना है, जो आग प्रभावित क्षेत्र से लगभग 60 किलोमीटर दूर स्थित है।
स्थानीय प्रशासन ने रविवार को कहा कि तीसरे चरण को रद्द किया जाएगा या नहीं, इस पर दिन समाप्त होने से पहले निर्णय लिया जाएगा। हालांकि, रेस निदेशक क्रिश्चियन प्रुधोम ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर रेस के मार्ग में बदलाव किया जा सकता है।
यूरोप में इन दिनों भीषण गर्मी और जंगल की आग ने कई देशों को प्रभावित किया है। फ्रांस और स्पेन में फैली आग ने इस वर्ष के टूर डी फ्रांस के सुरक्षित आयोजन को लेकर चिंता बढ़ा दी है। इस प्रतिष्ठित साइकिल दौड़ की शुरुआत शनिवार को बार्सिलोना से हुई थी।
फ्रांस के पिरेनी-ओरिएंटाल क्षेत्र में लगी आग अब तक 1,500 हेक्टेयर से अधिक जंगल को अपनी चपेट में ले चुकी है। आग पर काबू पाने के लिए 750 दमकलकर्मी, 200 वाहन और 9 जल-बमवर्षक हेलीकॉप्टर व अन्य विमान तैनात किए गए हैं। आग का फैलाव लगभग 18 किलोमीटर तक हो चुका है।
अब तक इस आग में किसी की मौत नहीं हुई है, लेकिन एक दमकलकर्मी और एक स्थानीय निवासी गंभीर रूप से घायल हैं। राहत एवं बचाव दल आग को टेट नदी और दुर्गम एस्प्रेस पर्वतीय क्षेत्र की ओर फैलने से रोकने का प्रयास कर रहे हैं।
फ्रांस की मौसम एजेंसी मेटियो फ्रांस ने रविवार को दक्षिणी फ्रांस के सात विभागों में 'बहुत उच्च अग्नि जोखिम' की चेतावनी जारी की।
उधर, स्पेन के कैटालोनिया क्षेत्र में, जहां टूर डी फ्रांस के पहले दो चरण आयोजित हुए थे, लेस गवार्रेस के जंगलों में लगी आग पर काफी हद तक नियंत्रण पा लिया गया है। हालांकि, अधिकारियों के अनुसार, अत्यधिक तापमान और धुएं के कारण आग को पूरी तरह बुझाने में अब भी कठिनाइयां बनी हुई हैं।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

