फ्रांस में भीषण जंगल की आग पर काबू पाने के लिए 1,500 सैनिक और विमान तैनात
पेरिस, 25 जुलाई (हि.स.)। दक्षिण-पश्चिम फ्रांस में फैली भीषण जंगल की आग से निपटने के लिए सरकार ने सैन्य सहायता बढ़ाते हुए 1,500 सैनिकों को राहत एवं बचाव कार्यों में तैनात किया है। सेना के जवान अग्निशमन दल की सहायता करने के साथ-साथ लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने और राहत सामग्री के परिवहन जैसे कार्यों में जुटे हैं।
फ्रांसीसी सशस्त्र बलों ने बताया कि सैनिकों के साथ विशेष उपकरण भी तैनात किए गए हैं। इनमें बुलडोजर, हेलीकॉप्टर, ड्रोन और ए400एम सैन्य विमान शामिल हैं, जिन्हें हवाई मार्ग से आग बुझाने और आपदा प्रबंधन अभियान को गति देने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है।
फ्रांस की सशस्त्र बल मंत्री कैथरीन वोत्रां ने सेना मुख्यालय में आयोजित आपात बैठक के बाद सोशल मीडिया पर कहा कि देश की सेना आंतरिक सुरक्षा और नागरिक सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर अभूतपूर्व संकट का सामना कर रही है। उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों की जान बचाना, संपत्ति की सुरक्षा करना और प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करना है।
अधिकारियों के अनुसार, सैन्य बल प्रभावित इलाकों में अस्थायी आवास, चिकित्सा सहायता, आवश्यक सामग्री की आपूर्ति और अन्य लॉजिस्टिक सहयोग भी उपलब्ध करा रहे हैं। सरकार का कहना है कि आग पर शीघ्र नियंत्रण पाने और प्रभावित नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी उपलब्ध संसाधनों का उपयोग किया जा रहा है।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

