फ्रांस कराची स्थित अपना वाणिज्य दूतावास स्थायी रूप से बंद करेगा
पेरिस/कराची, 17 जुलाई (हि.स.)। फ्रांस ने पाकिस्तान के कराची स्थित अपने वाणिज्य दूतावास (कॉन्सुलेट) को स्थायी रूप से बंद करने का निर्णय लिया है। यह कदम बजट में कटौती और दुनिया भर में अपने राजनयिक नेटवर्क को छोटा करने की नीति के तहत उठाया गया है।
कराची में फ्रांस के महावाणिज्यदूत एलेक्सिस शहताहतिंस्की ने पुष्टि करते हुए कहा कि दूतावास के बंद होने के बावजूद पाकिस्तान के साथ फ्रांस के राजनयिक और द्विपक्षीय संबंध प्रभावित नहीं होंगे। उन्होंने बताया कि आगे सभी राजनयिक और कांसुलर सेवाओं का संचालन इस्लामाबाद स्थित फ्रांसीसी दूतावास के माध्यम से किया जाएगा।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कराची में अलायंस फ्रांसेज़ (फ्रांसीसी सांस्कृतिक केंद्र) और पाकिस्तान-फ्रांस बिजनेस अलायंस अपनी गतिविधियां पहले की तरह जारी रखेंगे। इससे सांस्कृतिक आदान-प्रदान, शैक्षणिक सहयोग और व्यापारिक संपर्कों पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
फ्रांस हाल के वर्षों में अपने वैश्विक राजनयिक ढांचे की समीक्षा कर रहा है और खर्चों में कमी लाने के उद्देश्य से कई देशों में अपने कांसुलर नेटवर्क का पुनर्गठन कर रहा है। कराची स्थित वाणिज्य दूतावास को बंद करने का निर्णय भी इसी व्यापक रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

