home page

लेबनान को फ्रांस का पूरा समर्थन, हर संभव मदद जारी रहेगी : मैक्रों

 | 

पेरिस/बेरूत, 26 मार्च (हि.स.)। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने लेबनान को पूर्ण समर्थन देने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि फ्रांस हर स्तर पर लेबनान के साथ खड़ा रहेगा और हर संभव मदद जारी रखेगा।

मैक्रों ने यह बयान लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ औन से बातचीत के बाद दिया। उन्होंने लेबनानी सरकार द्वारा मौजूदा हालात को संभालने के लिए उठाए गए कदमों की सराहना करते हुए कहा कि ये प्रयास देश की संप्रभुता को मजबूत करेंगे।

इजराइल और हिज़्बुल्लाह के बीच बढ़ते संघर्ष के बीच फ्रांस ने यह भी स्पष्ट किया कि वह विस्थापित लोगों को मानवीय सहायता देता रहेगा।

फ्रांस ने लेबनान की सेना और आंतरिक सुरक्षा बलों को भी लगातार समर्थन देने की बात कही है। मैक्रों ने जानकारी दी कि आने वाले दिनों में फ्रांस लेबनानी सेना को बख्तरबंद वाहन भी उपलब्ध कराएगा, ताकि सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके।

विशेषज्ञों का मानना है कि फ्रांस का यह समर्थन क्षेत्रीय संतुलन बनाए रखने और लेबनान की आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा सकता है।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय