home page

फ्रांस ने रूसी ‘शैडो फ्लीट’ से जुड़े संदिग्ध टैंकर के भारतीय कप्तान को हिरासत में लिया

 | 

मार्सेई (फ्रांस), 25 जनवरी (हि.स.)। फ्रांसीसी नौसेना द्वारा भूमध्य सागर में रोके गए एक संदिग्ध तेल टैंकर के कप्तान को जांच के सिलसिले में हिरासत में लिया गया है। मार्सेई के अभियोजक कार्यालय ने बताया कि यह कार्रवाई इस संदेह के आधार पर की गई है कि टैंकर फर्जी झंडे के तहत संचालित हो रहा था।

‘ग्रिंच’ नामक यह टैंकर 22 जनवरी को जब्त किया गया था और रूस पर लगे प्रतिबंधों के बावजूद तेल निर्यात में इस्तेमाल होने वाली तथाकथित ‘शैडो फ्लीट’ का हिस्सा होने के शक में इसे फ्रांस के मार्सेई बंदरगाह के पास लंगर डालने का आदेश दिया गया।

अधिकारियों के अनुसार, टैंकर का 58 वर्षीय कप्तान भारतीय नागरिक है, जिसे प्रारंभिक जांच के तहत हिरासत में लिया गया है। हालांकि, अभियोजक कार्यालय के बयान में रूस का प्रत्यक्ष उल्लेख नहीं किया गया है। जांच एजेंसियां जहाज के झंडे और नेविगेशन दस्तावेजों की वैधता की पुष्टि कर रही हैं।

फ्रांसीसी अधिकारियों ने बताया कि जहाज जनवरी की शुरुआत में रूस के मुरमान्स्क बंदरगाह से रवाना हुआ था और उस समय कोमोरोस का झंडा लगाए हुए था। टैंकर पर मौजूद अन्य चालक दल के सदस्य, जो सभी भारतीय नागरिक बताए गए हैं, फिलहाल जहाज पर ही हैं।

यूरोपीय संघ रूस पर अब तक 19 प्रतिबंध पैकेज लागू कर चुका है, लेकिन इसके बावजूद रूस छूट पर भारत और चीन जैसे देशों को तेल निर्यात करता रहा है। पश्चिमी देशों के अनुसार, इस व्यापार में बड़ी भूमिका उन जहाजों की है जो पारंपरिक समुद्री नियमों से बाहर काम करते हैं।

इससे पहले अक्टूबर में भी फ्रांस ने पश्चिमी तट के पास एक अन्य प्रतिबंधित टैंकर को कुछ दिनों के लिए हिरासत में लिया था, जिसे बाद में छोड़ दिया गया था।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय