वेनेजुएला प्रत्यावर्तन उड़ानें फिर से शुरू, 199 नागरिक कराकास पहुंचे
कैरेकस, 25 मार्च (हि.स.)। संयुक्त राज्य अमेरिका से निर्वासित 199 वेनेजुएला प्रवासियों को लेकर पहली प्रत्यावर्तन उड़ान सोमवार को वेनेजुएला की राजधानी कराकास के उत्तर में स्थित एक हवाई अड्डे पर सुरक्षित रूप से उतरी। यह हाल ही में दोनों देशों के बीच हुए समझौते के तहत प्रत्यावर्तन उड़ानों की बहाली का संकेत देता है।
विमान ने अमेरिका से उड़ान भरी और होंडुरास में रुका, जहां प्रवासियों को स्थानांतरित करने की प्रक्रिया पूरी हुई। सीएनएन के अनुसार, आगमन पर निर्वासितों को राहत और खुशी व्यक्त करते हुए देखा गया। कुछ प्रवासी जश्न मना रहे थे, जबकि कुछ ने विमान से उतरते समय क्रॉस का चिन्ह बनाया।
अमेरिकी अधिकारियों ने इस प्रत्यावर्तन को अवैध प्रवास रोकने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। अमेरिका के आव्रजन विभाग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, आज, होंडुरास के माध्यम से वेनेजुएला के लिए निर्वासन उड़ानें फिर से शुरू हुईं। इन प्रवासियों के पास अमेरिका में रहने का कोई कानूनी आधार नहीं था। हमें उम्मीद है कि भविष्य में ऐसी उड़ानों की संख्या में वृद्धि होगी।
होंडुरास के विदेश मामलों के सचिव एनरिक रीना ने भी इस प्रत्यावर्तन को व्यवस्थित और सुरक्षित प्रक्रिया बताया। उन्होंने जानकारी दी कि उड़ान को अमेरिका से वेनेजुएला तक पहुंचने में कुल साढ़े तीन घंटे का समय लगा।
वेनेजुएला प्रत्यावर्तन उड़ानों को पहले अस्थायी रूप से रोक दिया गया था। इसके पीछे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन द्वारा अमेरिकी तेल कंपनी शेवरॉन को वेनेजुएला में संचालन की अनुमति देने वाले लाइसेंस को रद्द करने का निर्णय मुख्य कारण था। तब वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने तब इस निर्णय की आलोचना करते हुए कहा था कि इससे उनके देश के लिए प्रत्यावर्तन उड़ानों पर प्रभाव पड़ा। इसके बाद, अमेरिका ने वेनेजुएला पर और अधिक प्रतिबंध लगाने की चेतावनी दी थी।
अमेरिका ने हाल ही में 238 वेनेजुएला प्रवासियों को अल साल्वाडोर निर्वासित कर दिया था, जहां उन्हें कुख्यात सेकोट मेगा-जेल में भेज दिया गया। अमेरिकी अधिकारियों ने इन प्रवासियों पर वेनेजुएला के आपराधिक संगठन ट्रेन डी अरागुआ के सदस्य होने का आरोप लगाया था। हालांकि, निर्वासितों के कुछ परिजनों ने इन आरोपों को गलत बताया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय