पश्चिम एशिया तनाव के बीच यूरोपीय एयरलाइनों ने कई उड़ानें रद्द कीं, सुरक्षा कारणों से बढ़ी पाबंदी
लंदन/पेरिस/फ्रैंकफर्ट, 17 मार्च (हि.स.)। पश्चिम एशिया में बढ़ते सैन्य तनाव और अस्थिर हवाई क्षेत्र के कारण कई यूरोपीय एयरलाइनों ने इस क्षेत्र के लिए अपनी उड़ानों पर पाबंदी बढ़ा दी है। प्रमुख एयरलाइनों का कहना है कि सुरक्षा चिंताओं और एयरस्पेस की अनिश्चित स्थिति को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।
ब्रिटिश एयरवेज ने बताया कि क्षेत्र में अनिश्चित हालात और हवाई क्षेत्र की अस्थिरता के कारण उसने कई गंतव्यों के लिए उड़ानों में कटौती जारी रखने का फैसला किया है। एयरलाइन के अनुसार अम्मान, बहरीन, दुबई और तेल अवीव के लिए उड़ानें 31 मई तक रद्द रहेंगी। वहीं दोहा के लिए उड़ानें 30 अप्रैल तक निलंबित रहेंगी, जिसके बाद सीमित संख्या में उड़ानों का संचालन किया जाएगा।
एयरलाइन ने बताया कि अबु धाबी के लिए उड़ान सेवा 25 अक्टूबर से पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार फिर शुरू होगी। हालांकि रियाद और जेद्दा के लिए उड़ानें फिलहाल जारी रहेंगी। एयरलाइनों का कहना है कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और हवाई मार्गों पर सुरक्षा जोखिम के कारण यह कदम उठाया गया है। यह भी कहा जा रहा है कि अगर क्षेत्र में तनाव जारी रहता है तो अंतरराष्ट्रीय हवाई यातायात पर इसका असर आगे भी पड़ सकता है।
इसी तरह, एयर फ्रांस ने भी सुरक्षा स्थिति और कुछ हवाई क्षेत्रों के बंद होने का हवाला देते हुए उड़ानें निलंबित रखने की घोषणा की है। एयर फ्रांस के मुताबिक दुबई और रियाद के लिए उड़ानें 20 मार्च तक स्थगित रहेंगी, जबकि बेरूत और तेल अवीव के लिए उड़ानें 21 मार्च तक रद्द कर दी गई हैं।
जर्मनी की एयरलाइन लुफ्तांसा ने भी तेल अवीव के लिए अपनी उड़ानें 09 अप्रैल तक स्थगित कर दी हैं। इसके अलावा रियाद के लिए उड़ानों को 05 अप्रैल तक निलंबित रखा गया है।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

