home page

सर्बिया के लिए यूरोपीय संघ की सदस्यता वार्ता फिर शुरू होने की उम्मीद

 | 

ब्रसेल्स, 04 नवंबर (हि.स.)। यूरोपीय संघ (ईयू) ने सर्बिया के लिए सदस्यता वार्ता को आगे बढ़ाने की नई उम्मीद जताई है। ईयू का कहना है कि यदि चुनाव में जीत हासिल करने वाला छात्र नेतृत्व वाली सरकार लोकतंत्र को मजबूत करने और संस्थागत सुधारों के लिए प्रतिबद्ध हो, तो सर्बिया की सदस्यता प्रक्रिया को नई गति मिल सकती है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, छात्र नेतृत्व वाले विविध विपक्षी आंदोलन की चुनावी सफलता पश्चिमी बाल्कन के इस प्रभावशाली देश के साथ ईयू के संबंधों को नए सिरे से व्यवस्थित करने का अवसर दे सकती है।

यूरोपीय संघ की विस्तार आयुक्त मार्टा कोस ने सदस्यता विस्तार पर तैयार रिपोर्ट के बारे में ईयू सांसदों को जानकारी देते हुए कहा कि सर्बिया के पास नई शुरुआत करने का मौका है। उन्होंने कहा कि नई सरकार लोकतांत्रिक संस्थाओं और मौलिक अधिकारों को मजबूत करने के साथ यूरोपीय संघ में शामिल होने की दिशा में जरूरी कदम उठा सकती है।

कोस के मुताबिक, मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति वाली सरकार बनने पर सर्बिया की सदस्यता प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ सकती है। हालांकि, मौजूदा परिस्थितियों में उसकी ईयू सदस्यता में अभी कई साल लगने की संभावना है।

यूरोपीय आयोग की विस्तार रिपोर्ट में अन्य देशों की सदस्यता संभावनाओं का भी आकलन किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, मोंटेनेग्रो 2028 में यूरोपीय संघ का 28वां सदस्य बनने की राह पर है। वहीं, अल्बानिया और मोल्दोवा के 2029 में संघ में शामिल होने की संभावना जताई गई है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय