रूस पर यूरोपीय संघ का 22वां प्रतिबंध पैकेज, बैंकिंग और ऊर्जा क्षेत्र पर बढ़ेगा दबाव
- क्रिप्टो नेटवर्क, तेल टैंकरों और रूसी जहाजों पर सख्ती का प्रस्ताव
ब्रसेल्स, 23 नवंबर (हि.स.)। यूरोपीय संघ (ईयू) ने यूक्रेन युद्ध के मद्देनजर रूस पर दबाव बढ़ाने के लिए प्रतिबंधों का 22वां पैकेज घोषित किया है। यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने नए प्रतिबंधों की घोषणा करते हुए कहा कि इनका उद्देश्य रूस की युद्ध के लिए धन जुटाने की क्षमता को सीमित करना और उसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अलग-थलग करना है।
वॉन डेर लेयेन ने कहा कि रूस के खिलाफ तब तक नए प्रतिबंधों का प्रस्ताव जारी रहेगा, जब तक वह यूक्रेन में स्थायी शांति के लिए वास्तविक इच्छाशक्ति नहीं दिखाता। उन्होंने बताया कि नए प्रतिबंधों के तहत रूस के बैंकिंग तंत्र, क्रिप्टोकरेंसी प्लेटफॉर्म और भुगतान नेटवर्क को निशाना बनाया जाएगा। इसके अलावा, उन तीसरे देशों के नेटवर्क पर भी ध्यान दिया जाएगा, जिनके माध्यम से रूस प्रतिबंधों से बचने की कोशिश करता है।
वित्तीय क्षेत्र में प्रस्तावित उपायों के तहत करीब 60 रूसी बैंकों के साथ लेनदेन पर रोक लगाने और उन्हें स्विफ्ट प्रणाली से बाहर करने की बात कही गई है। क्रिप्टोकरेंसी और भुगतान नेटवर्क पर निगरानी तथा कार्रवाई के लिए ईयू ने एक विशेष कार्यबल भी गठित किया है।
ऊर्जा क्षेत्र में प्रतिबंधों का दायरा बढ़ाते हुए यूरोपीय कंपनियों को रूस के ऊर्जा बुनियादी ढांचे के निर्माण, संचालन और मरम्मत में सेवाएं देने से रोकने का प्रस्ताव है। इसमें विशेष रूप से तेल रिफाइनरियां शामिल हैं। रूस के कथित छाया बेड़े से जुड़े 70 से अधिक जहाजों को प्रतिबंध सूची में शामिल करने और रूस से जुड़े टैंकरों पर व्यापक पाबंदी लगाने की भी योजना है।
यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष ने रूसी पूर्व सैनिकों के यूरोपीय संघ में प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने का प्रस्ताव भी रखा। उनके अनुसार, यूरोप में रूसी एजेंटों की गैर-पारंपरिक गतिविधियों में बढ़ोतरी के मद्देनजर यह कदम उठाया जा रहा है। उन्होंने रूसी पूर्व सैनिकों को यूरोप की सुरक्षा के लिए जोखिम बताया।
इसके अलावा, यूरोपीय नागरिकों को रूस की कंपनियों के प्रबंधन निकायों में वरिष्ठ पदों पर बने रहने से रोकने का प्रस्ताव है। खेल और सांस्कृतिक क्षेत्र में भी प्रतिबंधों का विस्तार किया जाएगा। इसके तहत रूसी टीमों और खिलाड़ियों के रूस के राष्ट्रीय ध्वज के तहत प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने पर रोक लगाने, आधिकारिक रूसी प्रतीकों के प्रदर्शन को प्रतिबंधित करने और रूसी प्रायोजकों से यूरोपीय खेल एवं सांस्कृतिक संगठनों को मिलने वाली वित्तीय सहायता सीमित करने की योजना है।
वॉन डेर लेयेन ने कहा कि यूरोपीय संघ यूक्रेन को अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए समर्थन देता रहेगा और रूस के सामने शांति का विकल्प खुला रखेगा।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

