home page

चक्रवात 'अर्णब' के असर से नेपाल में लगातार बारिश, जनजीवन प्रभावित

 | 
चक्रवात 'अर्णब' के असर से नेपाल में लगातार बारिश, जनजीवन प्रभावित


काठमांडू, 30 अक्टूबर (हि.स.)। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात ‘अर्णब’ के प्रभाव से गुरुवार रात से हो रही लगातार बारिश ने काठमांडू घाटी सहित नेपाल के कई हिस्सों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। बारिश के कारण सरकारी और निजी क्षेत्र के कर्मचारियों के साथ-साथ दिहाड़ी मजदूर भी प्रभावित हुए हैं। विभिन्न कामों से घरों से बाहर निकलने वाले लोग छाता और रेनकोट लेकर अपने गंतव्य की ओर जाते दिखाई दिए।

मौसम विज्ञानियों ने शुक्रवार को पूरे दिन हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है। वहीं, कुछ इलाकों में भारी बारिश की भी संभावना है। जल तथा मौसम विभाग की प्रवक्ता विभूति पोखरेल ने बताया कि वैसे तो चक्रवात ‘अर्णब’ कमजोर पड़ चुका है, लेकिन इसके अवशिष्ट प्रभाव से नेपाल में बारिश, बर्फबारी और तेज हवाएं चल सकती हैं। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

त्रिभुवन विश्वविद्यालय के केंद्रीय जल तथा मौसम विज्ञान विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. बिनोद पोखरेल ने बताया कि शुक्रवार दोपहर से रात तक कोशी और बागमती प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। चक्रवात का प्रभाव शनिवार से धीरे-धीरे कमजोर पड़ने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास