home page

चीन के जिनजियांग में जूता फैक्टरी में आग लगने से 28 की मौत

 | 
चीन के जिनजियांग में जूता फैक्टरी में आग लगने से 28 की मौत


बीजिंग, 10 जुलाई (हि.स.)। चीन के दक्षिण-पूर्वी फ़ुज़ियान प्रांत के जिनजियांग शहर स्थित एक जूते की फैक्टरी में भीषण आग लगने से 28 लोगों की मौत हो गई, जबकि 211 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे के वक्त फैक्टरी परिसर में कुल 239 कर्मचारी मौजूद थे।

सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ और अन्य मीडिया रिपाेर्ट के अनुसार, आग स्थानीय समयानुसार गुरुवार दोपहर जूता निर्माता कंपनी हुइटेंग की बहुमंजिला फैक्टरी में लगी। आग इतनी तेजी से फैली कि कई कर्मचारी इमारत की छत पर फंस गए। सरकारी मीडिया द्वारा जारी वीडियो में इमारत से उठती ऊंची लपटें और आसमान में फैलता घना काला धुआं देखा गया।

घटना के समय फैक्टरी में 239 कर्मचारी मौजूद थे। बचाव दल ने 213 लोगों को बाहर निकाल लिया, लेकिन इसमें से दो कर्मचारियों की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई और लापता 26 अन्य कर्मचारियों के शव बाद में बरामद हुए।

प्रारंभिक जांच के अनुसार आग फैक्टरी के निचले तल से शुरू हुई। जूता बनाने में इस्तेमाल होने वाली ज्वलनशील सामग्री और चिपकाने वाले रसायनों के कारण आग तेजी से पूरे भवन में फैल गई। वहीं, सीढ़ियों पर बड़ी मात्रा में रखा सामान बचाव और अग्निशमन कार्य में बाधा बना।

स्थानीय अग्निशमन विभाग ने बताया कि कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया, हालांकि देर शाम तक घटनास्थल से धुआं उठता रहा और दमकल की गाड़ियां लगातार पानी का छिड़काव करती रहीं।

घटना के बाद चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने खोज एवं बचाव अभियान में हर संभव प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने दुर्घटना की विस्तृत जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को कहा। राष्ट्रपति ने कहा कि हाल के महीनों में कार्यस्थलों पर हुई कई गंभीर दुर्घटनाओं से सबक लेते हुए देशभर में औद्योगिक सुरक्षा उपायों को और सख्ती से लागू किया जाना चाहिए।

प्रधानमंत्री ली कियांग ने भी संबंधित विभागों को कार्यस्थलों पर सुरक्षा जोखिमों की व्यापक जांच करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।

शिन्हुआ के अनुसार फैक्टरी के जिम्मेदार अधिकारियों और अन्य संबंधित कर्मचारियों को हिरासत में ले लिया गया है। साथ ही कंपनी के बैंक खाते भी फ्रीज़ कर दिए गए हैं। आपातकालीन प्रबंधन मंत्रालय ने घटनास्थल पर एक विशेष टीम भेजी है, जबकि फ़ुज़ियान प्रांतीय प्रशासन घायलों के इलाज और राहत कार्यों की निगरानी कर रहा है।

गौरतलब है कि जिनजियांग शहर चीन के सबसे बड़े जूता और परिधान निर्माण केंद्रों में शामिल है और इसे अक्सर देश की जूता राजधानी कहा जाता है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार यहां की हजारों कंपनियों ने वर्ष 2024 में 1.2 अरब से अधिक जोड़ी जूतों का उत्पादन किया, जो वैश्विक उत्पादन का लगभग 20 प्रतिशत है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी