युद्ध संकट के बीच चीन ने ईरान समेत कई देशों को आपात मानवीय सहायता देने का किया ऐलान
बीजिंग, 17 मार्च (हि.स.)। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और बढ़ते मानवीय संकट के बीच चीन ने ईरान, जॉर्डन, लेबनान और इराक के लिए आपात मानवीय सहायता देने का ऐलान किया है। चीन का कहना है कि क्षेत्र में जारी युद्ध के कारण बड़ी संख्या में नागरिक प्रभावित हो रहे हैं और मानवीय संकट तेजी से गहराता जा रहा है।
चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान ने कहा कि पश्चिम एशिया में बढ़ती हिंसा के कारण आम नागरिकों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि कई इलाकों में लगातार हमलों के चलते बड़ी संख्या में लोग अपने घर छोड़ने को मजबूर हो गए हैं।
चीन के मुताबिक खास तौर पर लेबनान में स्थिति बेहद गंभीर है, जहां अब तक लगभग आठ लाख लोग विस्थापित हो चुके हैं। इसके अलावा पूरे क्षेत्र में लाखों लोग युद्ध और अस्थिरता के कारण प्रभावित हुए हैं, जिन्हें तत्काल मानवीय सहायता की जरूरत है।
चीनी सरकार ने बताया कि हाल ही में ईरान में एक स्कूल पर हुए हमले के बाद चीन की ओर से करीब दो लाख अमेरिकी डॉलर की आपात सहायता भी प्रदान की गई थी। इस मदद का उद्देश्य प्रभावित परिवारों और घायलों को राहत पहुंचाना है।
बीजिंग ने एक बार फिर संघर्ष में शामिल सभी पक्षों से तुरंत युद्धविराम लागू करने की अपील की है। चीन का कहना है कि लगातार बढ़ती सैन्य कार्रवाई से क्षेत्र में अस्थिरता और मानवीय संकट और गहरा सकता है।
चीन ने यह भी कहा कि वह क्षेत्र में शांति और स्थिरता बहाल करने के लिए अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साथ मिलकर प्रयास जारी रखेगा। साथ ही, सभी पक्षों से संयम बरतने और बातचीत के जरिए समाधान निकालने की अपील की है, ताकि आम नागरिकों को हो रहे नुकसान को रोका जा सके।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

