ब्रिटेन होर्मुज की सुरक्षा के लिए युद्धपोत एचएमएस ड्रैगन भेजेगा
लंदन, 09 मई (हि.स.)। ब्रिटेन ने पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य में समुद्री सुरक्षा को लेकर बड़ा कदम उठाया है। ब्रिटेन ने अपने रॉयल नेवी के युद्धपोत एचएमएस ड्रैगन को खाड़ी देश भेजने का फैसला किया है। माना जा रहा है कि यह तैनाती संभावित अंतरराष्ट्रीय समुद्री सुरक्षा मिशन की तैयारी के तहत की जा रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि एचएमएस ड्रैगन को पहले से रणनीतिक रूप से तैनात किया जा रहा है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर वह अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार और जहाजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने वाले मिशन में तुरंत शामिल हो सके।
प्रवक्ता ने कहा कि यह कदम पूरी तरह एहतियाती योजना का हिस्सा है और क्षेत्रीय हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। हाल के सप्ताहों में होर्मुज जलडमरूमध्य में बढ़ते तनाव, जहाजों की आवाजाही पर खतरे और क्षेत्रीय संघर्ष के कारण वैश्विक व्यापार प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है।
सूत्रों के अनुसार, ब्रिटेन और फ्रांस के संयुक्त नेतृत्व में एक बहुराष्ट्रीय समुद्री गठबंधन बनाने की योजना पर भी चर्चा चल रही है। इस गठबंधन का उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना और क्षेत्र में स्थिरता बनाए रखना होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

