home page

उत्तरी साइप्रस के तट पर यात्री नौका पलटी, 7 की मौत, 237 लोगों को बचाया गया

 | 

निकोसिया, 30 अगस्त (हि.स.)। उत्तरी साइप्रस के तट के पास रविवार को एक बड़ा समुद्री हादसा हो गया। उत्तरी साइप्रस से तुर्किये जा रही एक यात्री नौका के पलटने से कम से कम सात लोगों की मौत हो गई, जबकि 237 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। लापता 23 लोगों की तलाश में बड़े पैमाने पर बचाव अभियान चलाया गया है।

तुर्की गणराज्य उत्तरी साइप्रस के प्रधानमंत्री उनाल उस्तेल ने तुर्की मीडिया को बताया कि खराब मौसम के कारण नौका पलट गई। उन्होंने कहा कि बचाए गए किसी भी व्यक्ति की हालत गंभीर नहीं है।

तुर्किये के आंतरिक मंत्रालय के अनुसार, ‘फिलो जेट’ नाम की नौका काइरेनिया से दक्षिणी तुर्किये के तासुकू के लिए रवाना हुई थी। इसमें 259 यात्री और चालक दल के आठ सदस्य सवार थे। तट से कुछ मील दूर पहुंचने पर अज्ञात परिस्थितियों में नौका में पानी भरने लगा और बाद में वह पलट गई।

हादसे के बाद उत्तरी साइप्रस की चार तटरक्षक नौकाओं और एक यात्री जहाज को बचाव कार्य में लगाया गया। इसके अलावा दो तटरक्षक हेलीकॉप्टर भी घटनास्थल पर भेजे गए हैं।

घटनास्थल से सामने आए वीडियो में कई लोग पलटी हुई नौका के किनारे और आसपास लाइफ जैकेट पहने पानी में दिखाई दिए। हेलीकॉप्टर भी ऊपर से बचाव अभियान में जुटे नजर आए।

तुर्की संसद के अध्यक्ष नुमान कुर्तुलमुस ने इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। बचाव दल लापता लोगों का पता लगाने के लिए लगातार समुद्र में तलाश अभियान चला रहे हैं।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय